राज्यसभा के लिए नामांकन भरकर दिल्ली की राजनीति में एंट्री की तैयारी में नीतीश कुमार

राज्यसभा के लिए नामांकन भरकर दिल्ली की राजनीति में नई पारी की तैयारी में नीतीश कुमार। नामांकन के दौरान अमित शाह समेत BJP-JDU के कई बड़े नेता रहे मौजूद। मुख्यमंत्री पद छोड़ने की अटकलों के बीच बिहार में नए सीएम को लेकर चर्चाएं तेज।

Bihar news: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

 

दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने की तैयारी

नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने के फैसले के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि वे बिहार के मुख्यमंत्री पद से हट सकते हैं और राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। क्या बीजेपी से कोई चेहरा सामने आएगा या फिर जेडीयू अपने कोटे से नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेगी।

 

नामांकन से पहले नीतीश कुमार का पोस्ट

नामांकन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से जनता ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा, जिसके बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा से बिहार और राज्य के लोगों की सेवा की।

 

राज्यसभा जाने की इच्छा का जिक्र

नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में कहा कि जब उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी, तभी से उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी क्रम में उन्होंने इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने का फैसला किया है।

 

विकसित बिहार के संकल्प की बात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में यह भी कहा कि बिहार के लोगों से उनका रिश्ता आगे भी बना रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकसित बिहार बनाने का संकल्प पहले की तरह कायम रहेगा और जो नई सरकार बनेगी उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button