पटना में रिसेप्शन पार्टी के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, दो सगे भाइयों की मौत
रिसेप्शन पार्टी में चली ताबड़तोड गोलियां, मची अफरातफरी विवाद के बाद दो सगे भाइयों को मारी गोली, मौके पर हड़कंप पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

Bihar news: बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रिसेप्शन पार्टी में अचानक चली गोलियां
जानकारी के मुताबिक, दौलत राय के बेटे के रिसेप्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक कुछ बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही समारोह स्थल पर अफरातफरी और भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 32 वर्षीय मनीष कुमार और 23 वर्षीय उसके भाई मंजीत कुमार का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों भाइयों को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कारतूस के तीन खोखे बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस का बयान
पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों को गोली लगी थी और अस्पताल ले जाने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



