पटना में तेज आंधी-बारिश से पंडाल गिरा, बड़ा हादसा टला
पटना में तेज आंधी-बारिश से पंडाल गिरा, बड़ा हादसा टला अगले 3 दिनों तक बिहार में खराब मौसम का अलर्ट जारी तेज हवा, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, तापमान भी गिरेगा

पटना में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने डाक बंगला इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। तेज आंधी और बारिश के चलते यहां लगा एक पंडाल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
तूफान में LED गेट गिरा, पंडाल को नुकसान
सिटी एसपी (सेंट्रल) दीक्षा के मुताबिक, तेज हवा के कारण एक LED गेट टूटकर पंडाल पर गिर गया, जिससे पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रण में बताया।
अगले 3 दिन मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मौसम का यह बदलाव एक ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है। इसी वजह से अगले तीन दिनों तक पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, तेज हवा चलेगी और बारिश के साथ मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।
24 घंटे के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने खासतौर पर अगले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। जमुई, खगड़िया, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया और सहरसा समेत कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही गरज-चमक और हल्की बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
तापमान में गिरावट की उम्मीद
आने वाले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। हालांकि शुक्रवार को कई जिलों में गर्मी बढ़ी रही। पटना का तापमान 36.2°C तक पहुंच गया, जबकि भभुआ में सबसे ज्यादा 38°C दर्ज किया गया। पटना में हल्की बारिश भी रिकॉर्ड हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।



