पटना नीट छात्रा मौत मामला: सीबीआई जांच की सिफारिश, सरकार ने केंद्र से किया आग्रह
पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत ने पूरे बिहार को झकझोर दिया राज्य सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की सिफारिश की परिजनों ने यौन उत्पीड़न और केस दबाने के गंभीर आरोप लगाए

पटना: बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में अब जांच सीबीआई को सौंपे जाने की सिफारिश की गई है। इस बात की जानकारी बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए केंद्र सरकार से सीबीआई जांच का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से की सीबीआई जांच की मांग
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार को पत्र लिखकर पटना में नीट छात्रा की मौत (केस नंबर- 14/26) की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने आना बेहद ज़रूरी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हॉस्टल में बेहोश मिली थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद की रहने वाली छात्रा इस महीने की शुरुआत में पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक हॉस्टल के कमरे में बेहोश पाई गई थी। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। फिलहाल इस मामले की जांच बिहार पुलिस की एसआईटी कर रही थी।
परिजनों का गंभीर आरोप
छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था और पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर दबाने की कोशिश कर रही है। माता-पिता का कहना है कि पुलिस शुरू से ही यौन हिंसा की आशंका से इनकार करती रही।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाई जांच की जरूरत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है, जो पुलिस के शुरुआती दावों से अलग है। पहले पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यौन उत्पीड़न से इनकार किया था। इस मामले में हॉस्टल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया जा चुका है।



