दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

इंडिगो फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग इंजन में खराबी की आशंका, पायलट ने लिया त्वरित फैसला सभी यात्री सुरक्षित, एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब विशाखापट्टनम से आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को इमरजेंसी में उतारना पड़ा। विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका के बाद पायलट ने तुरंत एटीसी को सूचना दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।

 

रनवे 28 पर सुरक्षित उतरा विमान

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट जैसे ही दिल्ली के करीब पहुंची, पायलट को इंजन में गड़बड़ी का शक हुआ। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी कॉल की गई और रनवे संख्या 28 को लैंडिंग के लिए खाली कराया गया। पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

 

दमकल विभाग तुरंत मौके पर पहुंचा

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह 10:53 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां रनवे की ओर भेजी गईं। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं हुआ।

 

इंडिगो का बढ़ता नेटवर्क

इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइनों में से एक है, जिसकी शुरुआत साल 2006 में हुई थी। कम किराया और समय पर सेवा इसकी खास पहचान है, जिसकी वजह से यह आम यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई है। कंपनी का मुख्यालय गुरुग्राम में है और दिल्ली एयरपोर्ट इसका प्रमुख हब माना जाता है।

Related Articles

Back to top button