गौ माता और भारत माता अलग नहीं: आचार्य प्रमोद कृष्णम

फिल्म ‘गोदान’ का पोस्टर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी के कर-कमलों से विमोचित गौ सेवा, सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म

GODAN news: 6 फरवरी को रिलीज़ होगी फिल्म ‘गोदान’, आचार्य प्रमोद कृष्णम जी के कर-कमलों से पोस्टर विमोचन, आज फिल्म ‘गोदान’ के निर्देशक एवं निर्माता श्री विनोद चौधरी तथा गौ गतिविधि के संयोजक श्री हरिशंकर जी और मीडिया प्रभारी शांतनु शुक्ला ने पूज्य गुरुदेव श्री आचार्य प्रमोद कृष्णम जी (पीठाधीश्वर, श्री कल्कि धाम) से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर 6 फरवरी 2026 को रिलीज़ होने जा रही प्रेरणादायक फिल्म ‘गोदान’ का आधिकारिक पोस्टर पूज्य गुरुदेव के आवास पर विमोचित किया गया।

 

गौ माता और भारत माता का अभिन्न संबंध

इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने कहा कि गौ माता और भारत माता अलग नहीं हैं। गौ माता के बिना भारत माता अधूरी है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंचगव्य जिसमें गौ माता का दूध, दही, घी, गोमूत्र एवं गोबर सम्मिलित हैं को उन्होंने पंचामृत के समान बताते हुए कहा कि यह मानव जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी है।

 

गौ सेवा से सुख-समृद्धि का मार्ग

उन्होंने कहा कि जिस घर में गौ माता का वास होता है, वहां की बाधाएं स्वतः समाप्त हो जाती हैं। सुख, समृद्धि, यश, कीर्ति, वैभव, ऐश्वर्य, शक्ति, बुद्धि, विवेक और संयम इन सभी की प्राप्ति का मार्ग गौ सेवा से होकर जाता है। उन्होंने गौ पालन को समाज और राष्ट्र के लिए अनिवार्य बताया।

 

सनातन परंपरा के लिए मील का पत्थर

पूज्य गुरुदेव ने फिल्म गोदान को भारत की सनातन परंपरा के लिए एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह फिल्म उन सभी लोगों को समर्पित है जो भारत की संस्कृति, गौ माता, भगवान राम, भगवान कृष्ण, गुरु नानक, बुद्ध, कबीर, महावीर और भारत के ऋषि-मुनियों की परंपरा में आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत केवल कृषि प्रधान देश ही नहीं, बल्कि ऋषि प्रधान राष्ट्र भी है, जहां साधना, संघर्ष और सेवा का केंद्र सदैव गौ माता रही है।

 

फिल्म को समर्थन देने की अपील

उन्होंने फिल्म गोदान के निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी, मीडिया प्रभारी शांतनु शुक्ला एवं उनकी पूरी टीम को इस सार्थक और साहसिक प्रयास के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसी फिल्मों का निर्माण अत्यंत कठिन होता है। इसे सफल बनाना सभी गौ भक्तों, भारत माता के सपूतों और सनातन धर्मावलंबियों का सामूहिक दायित्व है। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने गौ माता को प्रणाम करते हुए और भारत माता का वंदन करते हुए सभी से इस फिल्म को समर्थन देने की अपील की और ‘गौ माता की जय’ के उद्घोष के साथ अपनी वाणी को विराम दिया। इस अवसर पर फिल्म गोदान के निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी, गौ गतिविधि के संयोजक हरिशंकर जी , मीडिया प्रभारी शांतनु शुक्ला सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button