केरल चुनाव में पहली बार वोट देने वालों को मिलेगा “हलवा गिफ्ट”, चुनाव आयोग की अनोखी पहल
पहली बार वोट डालने वालों के लिए खास तोहफा 9 अप्रैल को वोटिंग के दिन मिलेगा हलवा गिफ्ट युवाओं को जोड़ने के लिए चुनाव आयोग की नई पहल

केरल में विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह गरम हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 15 मार्च को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया, जिसके बाद पूरे राज्य में आचार संहिता लागू हो गई। इसी बीच चुनाव आयोग ने वोटिंग को लेकर एक दिलचस्प और अनोखी पहल शुरू की है। दरअसल, 9 अप्रैल को होने वाले मतदान में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं का स्वागत “हलवा” से किया जाएगा। इस खास अभियान का नाम रखा गया है ‘वोट स्वीटेंड केरलम’।
क्या है पूरा प्लान?
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू. केलकर ने इस योजना की घोषणा की है। 29 मार्च को जारी आदेश के मुताबिक, इसका मकसद युवाओं को वोटिंग के लिए प्रोत्साहित करना और उनके पहले वोट को यादगार बनाना है।
कैसे मिलेगा हलवा?
इस योजना के तहत हर जिले में कुछ खास मतदान केंद्र चुने जाएंगे। यहां पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को “ब्रांडेड हलवा” के पैकेट दिए जाएंगे। हर जिले को करीब 200 पैकेट भेजे जाएंगे।
पहचान कैसे होगी?
बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और वालंटियर्स पहले से मतदाता सूची के जरिए ऐसे युवाओं की पहचान करेंगे जो पहली बार वोट डाल रहे हैं। जैसे ही वे वोट देकर बाहर आएंगे, उन्हें यह गिफ्ट दिया जाएगा।
ध्यान रखने वाली बात
चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि इस दौरान वोटिंग प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त वालंटियर्स भी तैनात किए जा सकते हैं। कुल मिलाकर, इस बार केरल में लोकतंत्र का उत्सव थोड़ा “मीठा” होने वाला है, खासकर उन युवाओं के लिए जो पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।



