नई दिल्ली : कैब बुक कराकर चालक से कार लूटी, 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। जल्दी अमीर बनने के चक्कर में हाईवे पर कार जैकिंग करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश मुंडका पुलिस ने किया है। पुलिस ने गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुमित,अरविंद और मनोज के रूप में हुई है। पुलिस ने लूटी हुई कैब और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं। पुलिस आरोपी के एक अन्य साथी की भी तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुंडका पुलिस को एक कैब चालक ने कैब लूटने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। चालक ने बताया था कि वह उबैर कैब कंपनी में अपनी कार चलाया करता है। उबैर एप से उसको एक बुकिंग मिली थी। वह मुंडका इंडस्ट्रियल मैट्रो स्टेशन के पास पहुंचा। तीन युवक उसकी कार में बैठे,जिन्होंने कुछ ही दूरी पर चलकर उसकी कार और मोबाइल फोन लूट लिया। एसएचओ सुरेन्द्र संधू की देखरेख में पुलिस टीम को आरोपियों को पकडऩे का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस ने कंपनी अधिकारियों से संपर्क किया। जिनसे बुकिंग में इस्तेमाल फोन नंबर लेकर उसको ट्रैसिंग पर लगाया गया। जिससे उसकी लोकेशन के बारे में जानकारी मिल सके। कार में लगे जीपीएस की मदद से भी कार की लोकेशन पता की गई। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे लूटी हुई कैब कार को भी जब्त कर लिया। आरोपियों से पता चला कि जल्दी अमीर बनने के चक्कर में उन्होंने कार लूटने की योजना बनाई थी। जिसको वह बाद में राहुल नामक साथी की सहायता से आगे बेच देते।

Related Articles

Back to top button