मंत्री ने पूर्व CM को बोल दिया ‘झोलाछाप डॉक्टर

आबकारी मंत्री कवासी ने कहा- रमन सिंह तो झोला छाप डॉक्टर हैं, मूणत का जवाब- ये आयुर्वेद चिकित्सक वर्ग का अपमान

रायपुर में कवासी लखमा ने ये बयान दिया।

छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को लेकर एक बयान जारी किया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को उन्होंने झोलाछाप डॉक्टर बताया है। दरअसल रमन सिंह आयुर्वेद के डॉक्टर हैं। आगे लखमा ने कहा कि इस बार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदिवासियों, किसानों, मजदूरों के लिए काम करने वाले व्यक्ति हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इतना अच्छा काम किया है कि कोविड के दौर में भी बाजार में पैसा आया और लोगों की आर्थिक स्थिति सुधरी। अच्छा काम करने की वजह से कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की साजिश भाजपा करती रहती है।

लखमा ने कहा कि डॉ रमन सिंह और भाजपा कांग्रेस सरकार को लेकर उल्टे सीधे आरोप लगाती है। पिछले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को 15 सीट मिली थी। आने वाले दिनों में एक भी सीट भाजपा को हासिल नहीं होगी। यह बातें लखमा ने रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। दरअसल हाल ही में कवासी लखमा ने बस्तर के आदिवासी नेताओं के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। इसे लेकर भाजपा ने कहा था कि आदिवासी इलाके में शायद कुछ ठीक नहीं चल रहा। इसी बात के जवाब में कवासी लखमा ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास को लेकर चर्चा करने मुख्यमंत्री निवास गए थे।

राजेश मूणत ने कहा- ये तो चिकित्सकों का अपमान
कवासी लखमा के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह को झोलाछाप डॉक्टर कहे जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमारी 1 सीट भी आएगी या नहीं ये छत्तीसगढ़ की जनता तय करेगी। आप जिस भाषा का प्रयोग 15 वर्ष मुख्यमंत्री एवं आयुर्वेदिक डॉक्टर आदरणीय डॉ रमन सिंह के लिए कर रहे हैं, उससे आप सीधा-सीधा आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग एवं प्रदेश की जनता का अपमान कर रहे हैं।

गणेश विसर्जन में मंत्री जी का डांस।

डांस भी काफी चर्चा में
बीते मंगलवार को आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने अपने रायपुर स्थित बंगले में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। उन्होंने भगवान गणेश की आरती उतारी और फिर देवा हो देवा गणपति देवा गीत पर जमकर डांस किया। बंगले से डांस करते हुए ही मंत्री सड़क पर आए और कुछ दूर तक आम लोगों के साथ डांस करते हुए ही प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो काफी चर्चा में रहा।

पकौड़ियां और पॉलिटिक्स
पकौड़े तलते मंत्री लखमा की तस्वीरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। मामला बीते मंगलवार का है। मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार रात बस्तर के आदिवासी समाज के प्रमुखों के लिए भोज का आयोजन हुआ। बस्तर के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा करीब 300 लोगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने सभी से बात की। इस दौरान उन्होंने बस्तर संभाग के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में छात्रावास की सुविधा देने की भी घोषणा की।

कुक बनकर मंत्री ने सीएम आवास में पकौड़ियां तलीं।

सीएम आवास में रात के भोज में व्यवस्था का जिम्मा खुद कवासी लखमा ने संभाल लिया। उन्होंने होटल से आए रसोइए को हटाकर पकौड़े की कड़ाही खुद संभाल ली। भोज के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री कवासी लखमा और बस्तर क्षेत्र के कांग्रेस विधायकों ने आदिवासी समाज के प्रमुखों और प्रतिनिधियों के साथ भोजन किया। इस दौरान बस्तर की समस्याओं पर चर्चा हुई।

Related Articles

Back to top button