अखिलेश यादव ने गांवों के किया भ्रमण, लोगो से जाना उनका हालचाल, ओलावृष्टि से क्षति के बारे में ली जानकारी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कल अंसल एपीआई, लखनऊ के क्षेत्र में गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उनका हालचाल जाना। असमय बारिश और ओलावृष्टि से क्षति के बारे में जानकारी ली। नौजवानों से उनकी गतिविधियों पर चर्चा की।

सर्वप्रथम अखिलेश यादव ने महमूदपुर गांव स्थित श्री हनुमत शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भंडारा और कन्यापूजन भी किया। श्री हनुमत शक्तिपीठ सीताराम जानकी बड़ाघाट स्थान अयोध्या से संबद्ध है। शक्तिपीठ के महंत श्री मंजुल दास महाराज ने शक्तिपीठ के महत्व से परिचय कराया।

महंत जी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जीवन में विजय और सफलता का आशीर्वाद देते हुए कहा कि अखिलेश का मार्ग सत्य का मार्ग है। वे सुकर्म पथ के अनुयायी हैं। सच्चा धर्म वही है जिसका सम्बंध सुकर्म से होता है।

अखिलेश यादव ने कन्यापूजन को पवित्र कार्य बताते हुए कहा कि नारी शक्ति की वंदना भारतीय संस्कृति का अंग रही है। उन्होंने कहा कि “भारत में धर्म का अपना अलग स्थान और महत्व है। समाजवादी आंदोलन के प्रणेता डाॅ0 राममनोहर लोहिया कहते थे कि राजनीति अल्पकालीन धर्म है इसका काम बुराई से लड़ना है। समाजवादी उन बुराइयों के खिलाफ लड़ रहे हैं जिनसे आज समाज में नफरत बढ़ रही है, भाजपा द्वारा राजनीति से शुचिता और नैतिक मूल्यों को कमजोर किये जाने की साज़िश हो रही है।”

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा सत्ता जनसेवा का माध्यम होती है। आज यह स्वार्थसाधन और उसके लिए दुरूपयोग के काम आती हैं। राजनीति में अहंकार और असहिष्णुता का स्थान नहीं होता है।” अखिलेश यादव ने कहा कि मानव की मूलभूत आवश्यकता विकास है। उसके लिए बुनियादी ढांचा बनाने और बढ़ाने का काम समाजवादी सरकार ने किया था। आज समाज में सौहार्द कम हो रहा है। विकास अवरूद्ध है। जो भाजपा दल सत्ता में है वह बिना कोई काम किए समाजवादी सरकार के कामों को अपना बताते नही थकते, यह अनैतिक है।

अखिलेश यादव ने यूसुफनगर बगियामऊ में भी स्थानीय लोगों से मुलाकात की। यहां एक नौजवान उमेश यादव को लैपटाॅप मिला था। उसने कहा कि लैपटाॅप से उसे आगे बढ़ने में मदद मिली है।

अंसल ग्राउण्ड पर आज अर्जुनगंज और तेलीबाग की क्रिकेट टीमों में मैच हो रहा था इनके कैप्टेन क्रमशः शिवा तथा उदय के आग्रह पर अखिलेश यादव ने क्रिकेट में हाथ आजमाए। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर आईपीएल की तरह टेनिस बाल से क्रिकेट मैच को प्रोत्साहन दिया जाएगा। ग्रामस्तर पर भी इसकी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। उसके बाद राज्य स्तर पर राजधानी में बड़े मैच का आयोजन किया जायेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह अच्छा है कि नौजवानों की खेलों में रूचि बढ़ रही है। नौजवानों ने कहा कि समाजवादी सरकार में निर्मित लखनऊ के शानदार इकाना स्टेडियम से नौजवानों को खेलों में आगे बढ़ने और कुछ कर गुजरने की बहुत प्रेरणा मिल रही है।

Related Articles

Back to top button