बीजेपी किसके नेतृत्व में लड़ेगी यूपी चुनाव ? केशव मौर्या ने नहीं लिया इनका नाम

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ब्रज क्षेत्र की बैठक में सपा, रालोद, बसपा और कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चार सौ सीट लाने का सपना देख रहे है। वह चार सौ कुर्सी ला सकते है, लेकिन विधायक लाना उनके वश की बात नहीं है। वहीं कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने जब उनसे पूछा यूपी में किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा तो उन्होंने पीएम मोदी या सीएम योगी का नाम नहीं लिया। उन्हाेंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कमल के फूल के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 में जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो प्रदेश में 325 सीट जीतकर 14 वर्ष का वनवास खत्म किया। तीन दलों ने गठबंधन किया, लेकिन आपने अपनी ताकत दिखाते हुए सभी का सूपड़ा साफ कर दिया। वर्ष 2019 में आपने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाई। 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के उत्तर प्रदेश में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि पहले गुंडाराज, भ्रष्टाचार, माफिया राज प्रदेश में हुआ करता था। सभी दलों को भाजपा के सामने बहस के लिए बैठा दो, लेकिन कोई भाजपा के सामने टिक नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था से लेकर सड़कों में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चार दिन पहले अपना बयान दिया है कि विधानसभा चुनावों में वह चार सौ सीट जीतेंगे, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं हो सकता है। सपा चार सौ कुर्सी ला सकती है,लेकिन विधायक नहीं। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में मथुरा के जवाहर कांड में पुलिसकर्मी शहीद हो गए। वहां दंगा करने वाले कौन थे। इसके बारे में पूरा प्रदेश जानता है। उन्होंने कहा कि यूपी के दिल में नरेन्द्र मोदी रहते हैं। पिछली सरकारों में तुष्टीकरण की राजनीति के कारण हिन्दु धार्मिक स्थलों पर कोई काम नहीं किये गये। भाजपा सरकार ने प्रदेश में साढ़े चार लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी है। पहले रोजा इफ्तार पार्टी होती थी,लेकिन अब वहीं लोग मंदिरों में जा रहे है।

Related Articles

Back to top button