रतन टाटा ने भारत रत्न कैंपेन बंद करने का किया आग्रह, कहा- मुझे भारतीय होने पर गर्व

देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति रतन टाटा (Ratan N Tata) ने सोशल मीडिया (Social Media) पर उनको भारत रत्न देने के मांग कर रहे लोगों से इस अभियान को बंद करने का आग्रह किया है। टाटा ने कहा है कि वह भारतीय होने पर खुद को भाग्यशाली मानते हैं और उन्हें देश की वृद्धि और समृद्धि में योगदान देने पर खुशी होगी। सौ अरब डॉलर से अधिक के टाटा समूह के मानद चेयरमैन ने सोशल मीडिया के प्रयोगकर्ताओं से उनके लिए भारत रत्न की मांग के अभियान को रोकने को कहा है।

 

 

 

भारत रत्न देने की मांग की
सोशल मीडिया पर अभियान के जरिये सरकार से टाटा को देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान देने की मांग की जा रही है। टाटा ने ट्वीट किया कि मैं सोशल मीडिया पर यह अभियान चलाने वाले एक वर्ग की भावनाओं का सम्मान करता हूं। मैं उनसे विनम्रता से आग्रह करता हूं कि इस तरह के अभियान को रोका जाए। सोशल मीडिया पर इस समय प्तभारतरत्न फॉर रतन टाटा ट्रेंड कर रहा है। सोशल मीडिया प्रयोगकर्ता टाटा को उनके योगदान विशेषरूप से युवाओं को प्रेरित करने के लिए भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं।

क्या बोले रतन टाटा 
टाटा ने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैं भारतीय हूं। मैं भारत की वृद्धि और समृद्धि में योगदान देने का प्रयास करूंगा। सोशल मीडिया के एक प्रयोगकर्ता ने अन्य लोगों से भी इस अभियान में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि टाटा ने युवाओं को प्रेरणा दी है। उन्होंने युवाओं को बताया है कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अपनी क्षमता पर भरोसा करना जरूरी है। एक अन्य प्रयोगकर्ता ने टाटा को देश का सही मायने में ‘हीरो’ करार देते हुए कहा कि वह भारत रत्न पाने के हकदार हैं।

Related Articles

Back to top button