राम रहीम का कमबैक

साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारियां जेल में बीस साल की सजा काट रहे डेरा प्रमुख राम रहीम को एक बार फिर से चालीस दिन की पैरोल मिली है। इस बार डेरा प्रमुख ने सिरसा में 25 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम के लिए पैरोल मांगी थी, जिसे सरकार ने मंजूर कर लिया है।

रोहतक।  अभी कुछ माह पहले ही पैरोल पर राम रहीम उत्तर प्रदेश के बरनावा स्थित आश्रम से लौटा था। राम रहीम के सिरसा डेरे में आने से पहले स्वागत की पूरी तैयारियां की गईं। पैरोल के दौरान राम रहीम को पुलिस सुरक्षा के घेरे में रहना होगा। सुनारियां जेल में पिछले करीब साढ़े पांच साल से बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम इस बार सिरसा डेरे में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत कर सकेंगे।

शुक्रवार को राम रहीम की रोहतक आयुक्त ने पैरोल मंजूर कर ली। इससे पहले उनकी अर्जी सिरसा प्रशासन को भेजी गई थी। सिरसा प्रशासन की रिपोर्ट आने के बाद उन्हें चालीस दिन की पैरोल दी गई है। बताया जा रहा है कि 25 जनवरी को डेरे के दूसरे संत शाह सतनाम का जन्मदिन है और इस अवसर पर भंडारे व सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। बडे़ स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम में राम रहीम शामिल होना चाहते है, इसलिए उन्होंने चालीस दिन की पैरोल को लेकर अर्जी दी थी। यौन शोषण मामले में राम रहीम 2017 से सुनारियां जेल में 20 साल की सजा काट रहा है।

Related Articles

Back to top button