कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहुल की अपील, हिमाचल और उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावितों की करें मदद

नई दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से बादल फटने के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आये बाढ़ से प्रभावित लोगों की हरसम्भव मदद करने की अपील की है।

राहुल ने ट्वीट किया, “हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लोगों के साथ हैं। मैं सभी प्रभावित क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मदद के लिए हाथ बढ़ाने की अपील करता हूं। कृपया सुरक्षित रहें।”

बता दें कि उत्तरराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई जगह बादल फटने के बाद भारी बारिश से कोहराम मचा हुआ है। बादल फटने के बाद आई बाढ़ से इन पहाड़ी राज्यों में भारी नुकसान हुआ है।हालांकि अभी तक किसी के मरने की खबर नहीं आई है।

वहीं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भारी वर्षा के कारण अचानक आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए तीन दलों को भेजा है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि कांगड़ा के नूरपुर में स्थित एनडीआरएफ के क्षेत्रीय केंद्र से तीन दलों को भेजा गया है। अधिकारी ने कहा, भूस्खलन तथा अन्य कठिनाइयों का सामना करने के बाद एक दल ततवानी पहुंचने में कामयाब हो गया है। तलाशी एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अन्य दो दल जल्द प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच जाएंगे।

Related Articles

Back to top button