नई दिल्ली : पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश घायल

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ गुरुवार देर रात अंबेडकर नगर में कार सवार दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इनके पास से दो पिस्तौल बरामद हुई है। घायल कर्मवीर और विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हत्या के कई मामलों में कर्मवीर वांछित था। कर्मवीर की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का ईनाम भी था।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम फरार चल रहे बदमाशों को लेकर लगातार काम कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित कर्मवीर उर्फ काला अपने साथी विकास के साथ अंबेडकर नगर इलाके में आने वाला है। इस जानकारी पर स्पेशल सेल की टीम ने अंबेडकर नगर स्थित देवली बस स्टेंड के पास ट्रैप लगाया। कुछ देर बाद जैसे ही बदमाश वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
बदमाशों की तरफ से गोली चलने पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। बदमाशों की तरफ से जहां पांच गोलियां चली, वहीं पुलिस की तरफ से 6 गोलियां चलाई गई। इनमें से दो गोलियां कर्मवीर के दोनों पैर में लगी, जबकि एक गोली विकास के पैर में लगी। दोनों को उपचार के लिए स्पेशल सेल ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्तौल व एक कार बरामद की है।
डीसीपी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया कर्मवीर कंझावला के घेवरा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या के कई केस दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस की तरफ से उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

Related Articles

Back to top button