खंडवा में दो समुदायों में हिंसक झड़प:हिंदूवादी नेता के मैरिज रिसेप्शन के दौरान पथराव,

दो बाइक फूंकी; आतिशबाजी की बात पर हुआ था विवाद

खंडवा में सोमवार देर रात दो समुदाय के लोगों में पथराव हो गया। शहर के कंजर मोहल्ले में कुछ युवक पटाखे छोड़ रहे थे, इसे लेकर दूसरे समुदाय के युवकों से उनकी बहस हुई। ये इलाका संवेदनशील है, इसीलिए पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। पुलिस ने रात 10 बजे पहुंचकर विवाद शांत करा दिया। लेकिन, इसके कुछ देर बाद एक समुदाय के लोग भगतसिंह चौक पर जमा हो गए। यहां हिंदू संगठन के नेता के मैरिज रिसेप्शन में पथराव कर दिया। दो बाइक फूंक दीं तो 5 कारें और 1 ऑटो में तोड़फोड़ कर दी।

दोनों ओर से चले पत्थरों में कई लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस के पास खड़े होकर भी कुछ लोग पत्थर चलाते दिखे। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर हालात संभाले। देर रात 2 बजे शहर में शांति की स्थिति बन सकी। SP विवेक सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। हालात पर काबू पाने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात किया गया। जिले के सभी थानों से पुलिस बल खंडवा के लिए बुलाया गया। मंगलवार को पुलिस ने 7 नामजद और 8 अज्ञात पर केस दर्ज किया है।

रातभर से भगतसिंह चौक पर ही पुलिस बल तैनात है।

जान बचाकर भागे घराती-बाराती
भगत सिंह चौक पर हिंदू संगठन के नेता आकाश ठाकुर की शादी का रिसेप्शन चल रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम में पथराव किया गया। पथराव के बाद भगतसिंह चौक पर कदम-कदम पर बड़े-बड़े ईंट के टुकड़े और पत्थर सड़क पर पड़े थे। यहां उपद्रवियों ने कांच की बोतलें भी फेंकी। इससे यहां तैनात कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

सड़क पर पड़े पत्थर, ईंट के टुकड़े और कांच की बोतलें।

हालात नियंत्रण में हैं
SP विवेक सिंह ने बताया कि आतिशबाजी की बात पर हुए विवाद के बाद उपद्रव जैसी स्थिति बनी थी। कंजर मोहल्ले और भगत सिंह चौक पर पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। हालात नियंत्रण में हैं। लगातार इन दोनों क्षेत्रों में फोर्स मौजूद है।

देर रात 2 बजे के करीब शहर में शांति की स्थिति बनी।

गतसिंह चौक, कंजर मोहल्ले में पथराव के दौरान उपद्रवियों ने वाहन फूंक दिए।

7 नामजद समेत 8 अज्ञात पर केस
मामले में कंजर मोहल्ले की रहने वाली मीनाबाई (34) पत्नी कुंदन गोहर ने केस कराया है। पथराव में उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया है। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने घासपुरा के 7 नामजद और 8 अज्ञात लोगों पर 11 धाराओं में केस दर्ज किया है। टीआई बलजीतसिंह बिसेन के अनुसार घासपुरा निवासी रियाज पुत्र अज्जू, हबीब पुत्र मुबारिक, हसन मामा, जीशान पुत्र आवेश, फिरोज पुत्र दीवानजी, शादाब पुत्र सप्पू, फैजान पुत्र रऊफ समेत अन्य 7 से 8 लोगों पर केस किया है। सभी पर बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, एट्रोसिटी एक्ट संबंधित धाराएं लगाई गईं हैं।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button