तेजी से पूरा हो रहा है करतारपुर गलियारा, पहले जत्थे में होंगे मनमोहन

भारत-पाकिस्तान सीमा पर निर्माणाधीन करतारपुर गलियारे का काम जल्द ही पूरा होने वाला है। शनिवार को कॉरिडोर के काम का निरीक्षण करने एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) की टीम पहुंची। एनएचएआई के चेयरमैन डॉ. एनएन सिन्हा की अगुवाई के साथ ही इस निरीक्षण के दौरान सीगल कंस्ट्रक्शन कंपनी के वाइस प्रेजीडेंट जतिंदर सिंह, मनीष रस्तोगी, विशाल गुप्ता और जसपाल सिंह मौजूद रहे।

शनिवार को गलियारे के निर्माणकार्य का निरिक्षण करने पहुंचे चेयरमैन सिन्हा ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के जतिंदर सिंह के साथ कॉरिडोर निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही चेयरमैन सिन्हा ने इस मौके पर पौधारोपण भी किया। कॉरिडोर पर निर्माणाधीन विभिन्न प्रकार की बिल्डिंगों का निरीक्षण करते हुए चेयरमैन सिन्हा ने कहा कि वह पूरा प्रयास कर रहे हैं कि जो उन्होंने कॉरिडोर को बनाने का टारगेट लिया था, उसे निश्चित समय में पूरा करें। उन्होंने कहा कि उनके इंजीनियरों और कांट्रेक्टरों ने निर्माण कार्यों के लिए इतना थोड़ा समय मिलने के बावजूद जो कॉरिडोर की कनेक्टिविटी का काम किया है, वह प्रशंसनीय है।

मनमोहन सिंह भी शामिल होंगे पहले जत्थे में

गौरतलब है कि एनएचएआई के चेयरमैन डॉ. एनएन सिन्हा ने निर्माण कार्यों पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि कॉरिडोर का लगभग 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माणकार्य में महज 10 फीसदी काम बाकी रह गया है। वो भी फिनिंशिग का और फुटपाथ पर सिर्फ 500 मीटर का काम रह गया है। उन्होंने बताया कि पुल पर लेयरिंग पर काम चल रहा है। उनकी जानकारी के अनुसार गलियारे का निर्माणकार्य 15 से 20 दिन में पूरा हो जाएगा। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 9 नवंबर को करतारपुर साहिब जाने वाले पहले सिख जत्थे में शामिल होंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मनमोहन सिंह को इस जत्थे में शामिल होने का न्योता दिया था, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया है।

Related Articles

Back to top button