जसलीन के कहने पर बिग बॉस में गया, पब्लिसिटी स्टंट था, उसकी शादी में कन्यादान करूंगा

जसलीन पर बोले भजन सम्राट

भजन सम्राट अनूप जलोटा मीरा शरद महोत्सव के तहत आयोजित भजन संध्या में परफॉर्म करने के लिए मंगलवार रात जिले के मेड़ता शहर में पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने एक से बढ़कर एक भजन गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पहले भजन सम्राट जलोटा ने दैनिक भास्कर संवाददाता मनीष व्यास से विशेष बातचीत की। उन्होंने भक्ति संगीत में मीरा के योगदान से लेकर पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की। जलोटा ने कहा कि बिग बॉस में जो दिखाया गया वो सब ड्रामा था। जसलीन को फेम दिलाने के लिए वो सब किया था।

पेश है उनसे बातचीत के अंश

Q. आपने बिग बॉस रियलिटी शो में भाग लिया और चर्चित भी रहे। कोई बात जो आप बताना चाहे।
A. मैंने कभी बिग बॉस देखा नहीं था और आज तक अपना भी कोई एपिसोड नहीं देखा है। मेरी स्टूडेंट जसलीन के कहने पर चला गया था। इसके बाद कई बड़े-बड़े किस्से बने। बाद में मैंने उन किस्सों को एक ही बार में खत्म करके कह दिया था कि जब भी जसलीन का विवाह होगा उसका कन्यादान करूंगा। इससे मेरे और उसके संबंध भी स्पष्ट हो गए। शो के चलते जसलीन और दीपक ठाकुर को खूब प्रसिद्धि मिली। मैं तो पहले से ही फेमस था।

भजन सम्राट अनूप जलोटा के साथ तेरी मिट्टी फेम मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर।

Q. तेरी मिट्टी फेम मशहूर गीतकार मनोज मुन्तशिर और आपका क्या वाकया था ? जिसका उन्होंने भी जिक्र किया।
A. प्रतिभावान लोग मेरे पास आते हैं। जब मुझे उनमें काम का जुनून भी दिखता है, तो मैं उनकी राह आसान करने का प्रयास करता हूं। मनोज तो बहुत अच्छे कवि हैं। उन दिनों भी बेहद बढ़िया थे। मैंने उनका विश्वास परखा था। उन्होंने चाय पीते-पीते मुझे रचना लिखकर दे दी। ये संभव नहीं है। ऐसे जुनूनी लोगों को सफलता मिलती ही है। मैंने रोनित रॉय को लेकर भी फिल्म बनाई थी। भोजपुरी सुपरस्टार रविकिशन जब नए-नए आए तो मैंने उन्हें दस हजार का चेक देकर फिल्म के लिए साइन किया था। इनके अलावा ऋचा शर्मा, जसविंदर नरूला और कनिका कपूर सब में गजब का कॉन्फिडेंस था। विश्वास ही ईश्वर है और इन सब पर ईश्वर की कृपा थी तो हमें तो थोड़ी मदद करनी ही थी, इसलिए प्रतिभाओं को सपोर्ट करता हूं।

नवोदित गायक कलाकार इंडियन आइडल फेम सवाई भाट।

Q. भजन गायकी के बाद इंडियन आइडल के टॉप 8 में जगह बनाने वाले सवाई की गायकी के स्ट्रगल को लेकर कैसे देखते हैं ?
A. ये नवोदित गायक स्ट्रगलर नहीं हैं। ये पिछले जन्म से अपनी गायकी की विधा को अपने साथ लेकर आए हैं। कम उम्र में इतनी जबर्दस्त गायकी मेरे लिए भी संभव नहीं थी। इन नवोदित गायकों की उस्तादों जैसी ताने सुनकर तो हैरान रह जाता हूं। ये सब ईश्वर का आशीर्वाद है।

बिग बॉस रियलिटी शो में भजन सम्राट अनूप जलोटा और 37 साल छोटी उनकी स्टूडेंट जसलीन मथारु के बीच लव अफेयर के खूब चर्चे हुए थे। हालांकि बाद में जलोटा ने इसे जसलीन के करियर को संवारने के लिए किया गया एक पब्लिसिटी स्टंट बता दिया था।

Q. भक्ति संगीत में मीरा का क्या योगदान है ?
A. मीराबाई ईश्वर में समाहित हो गई थीं। उन्हें जब बचपन में मां ने कृष्ण की मूर्ति देकर ये कहा कि ये तेरे पति हैं। तब से ही उन्होंने तय कर लिया कि जाके सिर मोर मुकुट ..मेरो तो गिरधर गोपाल दूसरों न कोई। मीराबाई के भजन और रचनाओं में भक्ति ही मिलती है। ये रचना गाते हुए हम लोगों को वही भक्ति प्राप्त होती है। मेरे द्वारा गाई रचना ‘ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन’ ने घर-घर में नृत्य करा दिया। ऐसा हुआ कि यदि कृष्ण को पाना है तो मीरा बन जाओ और शायद बहुत लोगों को मीराबाई के स्मरण से ही कृष्ण प्राप्त भी हो गए।

Q. ऐसा क्या है कि मीरा की रचनाएं आज भी लोगों को सम्मोहित करती हैं?
A. मीराबाई की रचना सहज और सरल है। उन्होंने कृष्ण को केवल अपना आराध्य नहीं बल्कि अपना स्वामी मान स्वीकार कर लिया था। अपने आराध्य के प्रति ऐसी भावना से रचनाकार अमर हो जाता है। तुलसी, सुर, नानक ये सब अपने आराध्य के प्रति समर्पण भाव के चलते अमर हुए। इन्होंने किसी को प्रसन्न करने के लिए रचनाएं नहीं लिखी। समर्पण से रचना में जादू आता है और इसी जादू से आज सब सम्मोहित है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button