बेमौसम बरसात और तूफान ने खराब की फसलें, अगले 5 दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है : मौसम विभाग

एक तरफ भारत में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दूसरी तरफ मौसम करवट बदल रहा है। भारत के कई इलाकों में पिछले 2 दिनों से मौसम बेहद खराब हो चुका है। 2 दिनों की बारिश ने फसलों को खराब कर दिया है। किसानों के लिए बारिश और तूफान आफत बनकर आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और शाम को हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं, सोमवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इसी के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आगामी 22 और 23 अप्रैल को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है, इसके अलावा 23 अप्रैल को 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।

इस बारिश की वजह से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं राजस्थान में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। सबसे ज्यादा चूरू में 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ 12 शहर ऐसे हैं, जहां पारा 40 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं जैसलमेर के कुछ क्षेत्रों में आंधी भी चल रही है। आगामी चार दिनों तक राज्य में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम मुख्यतया शुष्क रहने और अधिकतम तापमान काफी स्थानों पर 40-42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिमाचल में पिछले 24 घंटों में हिमपात, बारिश और ओलावृष्टि हुई है जिससे तापमान में गिरावट देखी गई है। वहीं तेज़ तूफान और ओलावृष्टि होने से हिमाचल में किसानों का भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू में कोठी और लाहौल स्पीति की केलांग में पांच सेमी बर्फबारी दर्ज की गई और रोहतांग दर्रे सहित,केलांग, सप्तऋषि पहाड़ी पर हल्की से दरम्यानी बर्फबारी हुई। इस बेमौसमी बर्फबारी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। कुल्लू और शिमला जिले में सेब की फसल जबकि मैदानी इलाकों में पक्की हुई गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।

Related Articles

Back to top button