हिंसक हुआ उन्नाव में चल रहा जमीन अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन, सब स्टेशन के पास लगाई आग

उन्नाव में ज़मीन अधिग्रहण के खिलाफ चल रहे किसानो का प्रदर्शन हिंसक होने लगा है। प्रदर्शन कर रहे भड़के किसानो ने रविवार को पावर सब-स्टेशन के पास रखे पाइपों में आग लगा दी। इस दौरान किसानो और पुलिस के बीच मुठभेड़ की भी खबर आई है। बता दें कि ट्रांस गंगा सिटी परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण मामले में किसान प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

दरअसल किसानों का आरोप है कि यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्प की ट्रांस गंगा सिटी परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के लिए उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। प्रदर्शकारी किसानों की मांग है कि उन्हें उनकी जमीन का उचित मुआवजा दिया जाए। वहीँ जिलाधिकारी देवेंद्र पांडेय का कहना है कि किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है, प्रशासन के पास किसानों का कोई बकाया नहीं है। जिलाधिकारी का कहना है कि ट्रांस-गंगा सिटी एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट है, किसानों को मुआवजा दिया गया है, किसानों के गुट हैं जो अपने स्वार्थ के लिए दूसरों को गुमराह कर रहे हैं, इसके बावजूद कि उनकी शिकायतों का समाधान पहले ही हो चुका है।

तीन साल से चल रहा है प्रदर्शन

गौरतलब है कि शनिवार को भी इसी प्रदर्शन के चलते पुलिस और किसानो में झड़प हुई थी। उग्र किसानों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसके जवाब में प्रदर्शकारी किसान पुलिस पर पथराव करने लगे। वहीँ रविवार को वाहन में आग लगा दी गई। इसको लेकर उन्नाव एसपी ने कहा है कि, ‘ग्रामीणों और कुछ उपद्रवियों ने यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और उनके वाहनों पर हमला किया था। UPSIDC ने 8 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।’

वहीँ शनिवार की घटना को लेकर एसपी ने बताया कि, ‘कुछ उपद्रवियों ने बाद में पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाईं और पथराव किया। 5 पुलिस वाले घायल हो गए। पुलिस ने 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच चल रही है। 5 लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।’ इसको लेकर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) ने कहा, ‘कुछ बदमाश ऐसा कर रहे हैं। हम गांवों में जाएंगे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। यह उपद्रवियों का काम है। हम शांति बनाए रखेंगे और ट्रांस गंगा सिटी परियोजना का काम भी चलेगा।’

Related Articles

Back to top button