दिल्ली: सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में है आंतरिक लोकतंत्र : बीएल संतोष

भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि देश में इस समय सिर्फ भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र जीवित है। कम्युनिस्ट पार्टी में भी यह व्यवस्था है, लेकिन वह अब महत्वहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर आधारित पार्टी है। यहां पद पाने के लिए किसी की शिक्षा या पृष्ठभूमि नहीं बल्कि पार्टी की विचारधारा व संगठन के प्रति लगाव और जिम्मेदारी लेने का भाव काम करता है। उन्होंने पदाधिकारियों को समर्पण भाव से संगठन विस्तार के लिए काम करने और पुराने सभी कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेने की सलाह दी। वह दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और कोरोना संकट के समय उठाए गए कदमों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संकट में भी विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और विरोध करने की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट का सामना करने के लिए मोदी सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों की जानकारी जनता तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दो दिन पूर्व ही एक बार फिर से छह लाख करोड़ से ज्यादा का राहत पैकेज जारी किया है, जिसके तहत 50 हजार करोड़ रुपया अस्पतालों के निर्माण के लिए और 30 हजार करोड़ रुपया स्वास्थ्य सेवाओं और बाल चिकित्सालयों के विस्तार एवं नवीनीकरण के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवालों पर दोहरी मार पड़ी है, क्योंकि एक तरफ महामारी की मार थी तो दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल सरकार की लापरवाही। इस सरकार की ओछी राजनीति का कड़ा जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की पूरी राजनीति झूठ पर टिकी है। केजरीवाल सत्ता के मद में चूर हैं और जनता का दुख दर्द भूलकर भ्रष्टाचार में जुटे हैं। कोरोना संकट में केजरीवाल सरकार नदारद थी। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता जरूरतमंदों की सेवा में जुटे रहे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार हर काम राजनीतिक द्वेष से करती है। इस सरकार की अक्षमता और विफलता के कारण ही दिल्ली पर संकट आया।

Related Articles

Back to top button