रायबरेली में पहुंची अखिलेश यादव की विजय यात्रा, हनुमान मंदिर में किया दर्शन

अखिलेश यादव सभी विधानसभा क्षेत्रों को मथने पहुंच रहे

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।  बड़ी संख्या में टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अखिलेश यादव ने चुरवा स्थित प्रसिद्ध पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर विजय यात्रा की शुरुआत की। जानकारी के मुताबिक उनकी पहली जनसभा बछरावां कस्बे में किदवई पार्क में होगी। यहां से उनकी विजय यात्रा हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के गुरबख्श गंज पहुंचेगी। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद उनका कारवां लालगंज पहुंचेगा। बैसवारा डिग्री कॉलेज में जनसभा को संबोधित करने के बाद वह रायबरेली में रात्रि विश्राम करेंगे।

पहली बार रायबरेली में रात्रि विश्राम

दूसरे दिन उनकी पहली जनसभा सदर विधानसभा क्षेत्र के मुंशीगंज में होगी। दूसरी जनसभा ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में संबोधित करने के बाद सलोन विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ लौट जाएंगे। पहली बार रायबरेली में रात्रि विश्राम कर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सभी विधानसभा क्षेत्रों को मथने पहुंच रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सपाइयों ने रास्ते में जगह-जगह स्वागत की तैयारी की है। सारे रास्ते सपाइयों की होर्डिंग से पट गए हैं।

Related Articles

Back to top button