आगरा के मेयर ने शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को लेकर किया ये ऐलान

शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान पर रखा जाएगा सरन नगर का नाम

आगरा. हेलिकॉप्टर हादसे में दिवगंत हुए विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को श्रद्धांजली देते हुए आगरा के महापौर नवीन जैन ने दयालबाग आगरा स्थित उनके निवास स्थान का नाम बदलकर पृथ्वी सिंह चौहान के नाम रखे जाने की घोषणा की है। महापौर नवीन जैन ने कहा कि ‘जल्द ही नगर निगम बोर्ड में सरन नगर का नाम विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव लाया जाएगा और इसे पारित कराया जाएगा।

दरअसल 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी सहित 12 जवानों का निधन हो गया था, जिसमें आगरा के दयाल बाग स्थित सरन नगर के रहने वाले विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शामिल थे। वह इस हेलिकॉप्टर के पायलट भी थे। पृथ्वी सिंह के दुर्भाग्यपूर्ण निधन की जानकारी होने पर महापौर नवीन जैन न केवल बीते शुक्रवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ परिजनों से मिलने पहुंचे थे, बल्कि उससे पहले खुद भी उनके घर पहुंच दिवगंत विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

पृथ्वी सिंह चौहान एक अनुभवी और बहादुर पायलट थे

महापौर नवीन जैन ने कहा, ‘यह हमारे आगरा शहर के लिए गौरव की बात है कि वर्ष 2002 में वायु सेना में शामिल हुए आगरा के लाल पृथ्वी सिंह चौहान एक अनुभवी और बहादुर पायलट थे। सूडान में विशेष ट्रेनिंग लेने के बाद पृथ्वी सिंह के गिनती वायु सेना के जांबाज लड़ाकू पायलट में होती थी। ऐसे बहादुर और वीर जवान पृथ्वी सिंह का हेलिकॉप्टर हादसे में दुर्भाग्यपूर्ण निधन हो गया। इस घटना से पूरा आगरा शहर गमनीम है।

सरन नगर जल्द ही विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर होगा

महापौर नवीन जैन ने कहा कि ऐसे वीर जवान विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को मैं नमन करता हूं। उन्होंने अपने मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्र सेवा के लिए संपूर्ण जीवन बलिदान किया है। आगरा शहर से उनकी यादें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि उनका निवास स्थान सरन नगर जल्द ही विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए जल्द ही नगर निगम बोर्ड में एक प्रस्ताव लाया जाएगा जिसे पारित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button