एससीडी उपचुनावों में आप ने लहरायी पताका, भाजपा का सूपड़ा साफ

नयी दिल्ली,  आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पांच वार्डों के हुए उप चुनावों में चार पर जीत हासिल करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूपड़ा साफ कर दिया है।एक वार्ड में कांग्रेस के उम्मीदवार ने जीत हासिल की। भाजपा का इन उप चुनावों में खाता भी नहीं खुल सका। जिन पांच वार्डाें में उप चुनाव कराये गये उनमें से चार पर आप का पहले से ही कब्जा था जबकि एक वार्ड पर भाजपा काबिज थी।

एमसीडी के पांच वार्डों में 28 फरवरी को मतदान कराया गया था। इन उप चुनावों के नतीजे आज घोषित किये गये। आप ने कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग (उत्तर) वार्ड में जीत दर्ज की।आप के उम्मीदवार धीरेन्द्र कुमार ने कल्याणपुरी वार्ड में 7043 मतों से जीत हासिल की।आप प्रत्याशी राम चन्दर ने रोहिणी सी वार्ड में भाजपा उम्मीदवार राकेश गोयल को 2985 मतों से मात दी।

ये भी पढ़ें-डॉल्फिन संवर्धन के लिए मोदी की वकालत,चंबल में पर्यटको की बढ़ी रूचि

आप उम्मीदवार विजय कुमार ने त्रिलोकपुरी वार्ड पर भाजपा के उम्मीदवार ओम प्रकाश को 4986 मतों से पराजित किया। आप प्रत्याशी सुनीता मिश्रा ने शालीमार बाग (उत्तर) वार्ड से भाजपा उम्मीदवार सुरभि जाजू को 2705 मतों से हराया।

कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबेर अहमद ने चौहान बांगर वार्ड पर आप उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10642 मतों से पटखनी दी।

एमसीडी उपचुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की जबर्दस्त सफलता हासिल करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर मतदान किया है।

केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा,“ दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर वोट दिया है। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आप की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं।”

उप मुख्यमंत्री एवं आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इन उप चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “एमसीडी उप चुनावों में पांच में से चार वार्डों पर जीत हासिल करने पर आप कार्यकर्ताओं को बधाई। भाजपा के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले एमसीडी चुनावों में जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी।”

Related Articles

Back to top button