कांग्रेस से निकाले गए रमाकांत यादव अब सपा में करेंगे घर वापसी

पूर्व सांसद रमाकांत यादव (Ramakant Yadav) एक बार फिर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में घर वापसी करेंगे | वह 6 अक्टूबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन करेंगे | कहा जा रहा है कि दल-बदल में माहिर रमाकांत ने राजनीतिक करियर डूबता देख समाजवादी पार्टी में वापसी का फैसला लिया है | उधर कांग्रेस ने गुरुवार को रमाकांत यादव को पार्टी की सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया |

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते रमाकान्त यादव, पूर्व सांसद, जनपद आजमगढ़ को अनुशासनहीनता के आरोप में यूपी कांग्रेस कमेटी की सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है | उन्होंने बताया कि पार्टी की अनुशासन समिति के सदस्य अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व विधायक, राम जियावन पूर्व विधायक और विनोद चौधरी, पूर्व विधायक ने तत्काल प्रभाव से रमाकांत यादव के खिलाफ एक्शन लिया है |

रमाकांत यादव मुलायम सिंह के करीबी हुआ करते थे

बता दें कि वर्ष 2019 में बीजेपी से टिकट न मिलने से नाराज रमाकांत ने कांग्रेस का हाथ पकड़ा था | कांग्रेस ने उन्हें भदोही से मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें बीजेपी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था | इतना ही नहीं उनकी जमानत भी जब्त हो गई थी | निर्दलीय राजनीति की शुरुआत करने वाले रमाकांत यादव मुलायम सिंह के करीबी हुआ करते थे |

बता दें आजमगढ़ में बाहुबली छवि वाले रमाकांत ने वर्ष 2004 में सपा से बाहर होने के बाद कहा था कि अब वे तो क्या उनकी लाश भी सपा में नहीं जाएगी | लेकिन, अब उनका कहना है कि अभी वह जीवित हैं | उधर, बीजेपी ने रमाकांत को राजनीति में मृतक बताया है |

Related Articles

Back to top button