महिला की हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार।

उत्तर प्रदेश:जनपद आजमगढ़ में तरवां क्षेत्र के बनगांव निवासी एक अधेड़ महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने हत्या की घटना का अनावरण कर पिता व दो बेटे को गिरफ्तार कर तथा इनके निशान देही से घटना में प्रयुक्त एक पत्थर टुकड़ा, मृतका का मोबाइल, एक जोड़ी हवाई चप्पल तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को बरामद किया है। आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के बनगांव स्थित मायके में अकेले रहने वाली 50 वर्षीय सुनीता उर्फ सुमित्रा देवी का रक्त रंजित शव बीते शनिवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित चकमार्ग पर मिला था। इस मामले में मृतका की पुत्री ने बनगांव निवासी रामप्रवेश सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में आरोपित रामप्रवेश सिंह व उसके दो बेटों शिवम व सुंदरम को आज बनगांव उमरी मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जौनपुर जिले के चंदवक थाना अंतर्गत करनेहुवा ग्राम निवासी पनधारी राजभर की मौत के बाद उसकी पत्नी सुनीता उर्फ सुमित्रा लगभग 20 वर्षों से अपने मायके में रहने लगी। उसके पांच बच्चों में चार विवाहित हैं।

मायके में अकेले रहते हुए नेवासे में मिले खेत व घर की देखभाल करती थी। सुनीता का गांव के ही रामप्रवेश सिंह के बीच उसके संबंध स्थापित हो गया। इसी के चलते रामप्रवेश की पत्नी ने विगत वर्ष 2011 में अपने दो पुत्रों का मोह छोड़ आत्महत्या कर ली थी। इस बात से राम प्रवेश के दोनों बेटे सुनीता से खार खाते थे। समय के साथ रामप्रवेश और सुनीता के बीच दूरियां बढ़ गई लेकिन उनके संबंध को लेकर रामप्रवेश के दोनों बेटों के मन से महिला के प्रति घृणा का भाव कम नहीं हो सका। एसपी सिटी ने बताया कि बीते शुक्रवार की रात सुनीता धान के फसल की सिंचाई के लिए गांव के एक व्यक्ति के नलकूप की ओर गई थी तभी वहां पहुंचे रामप्रवेश सिंह व उसके दोनों बेटों ने सुनीता के सिर पर घातक प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए एक बाइक का प्रयोग कर शव को गांव के रास्ते पर फेंक कर सभी फरार हो गये।

मृतका की पुत्री द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने मृतका के पूर्व प्रेमी व उसके दोनों पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Back to top button