लखनऊ में हुए हिंसात्मक प्रदर्शन पर भड़के योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए विरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद नाराज हैं | वह लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं | जानकारी के अनुसार सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश अवस्थी और प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह को उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं | सीएम योगी आदित्यनाथ ने आम जन के जानमाल की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा है | साथ ही उपद्रवियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी | अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी के निर्देश दिए हैं |

सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ और संभल में बवाल किया गया | उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून किसी के खिलाफ नहीं है | विपक्ष भ्रम के हालात पैदा कर रहा है | सीएम ने कहा कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाए | प्रदर्शन के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी | उन्होंने कहा कि लखनऊ में दर्जन भर वाहनों में आग लगाई गई | उपद्रवियों की संपत्ति कुर्क कर भरपाई की जाएगी | हिंसा में लिप्त लोगों की संपत्ति जब्त की जाएगी | सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं है | संभल में भी कई गाड़ियां जलाई गईं |

बता दें की आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया गया | जिसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लगा दी गई थी | लखनऊ में तो कई बसे, पुलिस के वाहन भी जला दिए गए साथ ही पुलिस चौकी तक को जलाने की भी कोशिश की गई |

Related Articles

Back to top button