उत्तर भारत में करवट ले सकता है मौसम

नई दिल्ली, 29 जनवरी

भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान कई जगह हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय है। इस वजह से रविवार सुबह से बादल छाए रहेंगे। इस अवधि में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

इस अधिकारी का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार को भी आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। आज कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। 31 जनवरी को उत्तर बिहार में जरूर बादल गरज सकते हैं।

विभागीय अधिकारी ने कहा, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश या हिमपात का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू संभाग में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कश्मीर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग के इस अधिकारी का कहना है कि 29 और 30 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हो सकती है। गुजरात, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम राजस्थान में भी बारिश के आसार है। इसके साथ ही पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button