उप्र: बीते 24 घंटे में संक्रमण के 3,561 नए मामले, 4,219 मरीज हुए स्वस्थ

लखनऊ। प्रदेश में बीते चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,561 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इसी दौरान 4,219 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हुए हैं। नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार अधिक बनी हुई है।

अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल ने बुधवार को बताया कि इस समय कोरोना के 43,154 सक्रिय मामले हैं। अब तक कुल 3,74,972 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर अब 88.36 प्रतिशत पहुंच गई है।

एक दिन में 1.63 लाख कोरोना नमूनों की हुई जांच

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को 1,63,677 टेस्ट किए गए। अब तक कुल 1,12,08,621 नमूनों की जांच की गई है, जो देश में सर्वाधिक है।

19,000 मरीजों का होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल सक्रिय मरीजों में से लगभग 19,000 लोग होम आइसोलेशन यानि घर पर रहकर इलाज की सुविधा का लाभ ले रहे हैं। वहीं अन्य लोग निजी अस्पतालों और राज्य सरकार की एल-1, एल-2 व एल-3 की व्यवस्था के तहत सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं।

13.03 करोड़ लोगों के बीच पहुंची स्वास्थ्य टीमें

स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर सर्वेश्रण कर रही हैं। अभी तक 1,33,335 इलाकों में 4,05,332 टीमों ने 2,63,36,945 करोड़ घरों का सर्वेक्षण किया है। इसके तहत 13,03,29,212 करोड़ से अधिक लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई है। इस तरह राज्य की कुल आबादी के लगभग 60 प्रतिशत लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग हो चुकी है। यह प्रक्रिया लगातार जारी है और कई घरों का दोबार सर्विलांस किया जा चुका है।

4.20 लाख नई एमएसएमई इकाइयों को 14,071 करोड़ का ऋण वितरित

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि कोरोना की वजह से जो आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई थी। उसे पुनः संचालित कराने का प्रयास हो रहा है। बैंको के माध्यम से आत्मनिर्भर पैकेज में इकाइयों को ऋण की सुविधा उपलब्ध हो रही है। लघु, सूक्ष्म, मध्यम एवं वृहद श्रेणी की 8.18 लाख इकाइयां क्रियाशील हैं, जिसमें 51.78 लाख श्रमिक कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर उप्र रोजगार-स्वरोजगार सृजन अभियान में 14 मई से अब तक 4.20 लाख नई एमएसएमई इकाइयों को 14,071 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 4.34 लाख इकाइयों को आत्मनिर्भर पैकेज के अन्तर्गत 10.560 करोड़ के ऋण स्वीकृत कर वितरित किये गये हैं।

औद्योगिक इकाइयों के परिसर में 41,832 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्थापित 20 से अधिक कर्मचारियों वाली औद्योगिक इकाइयों के परिसर में 41,832 कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना की जा चुकी है। प्रदेश में 63,177 कामॅन सर्विस सेन्टर (जन सुविधा केन्द्र) क्रियाशील हैं, जिनमें 1,26,354 व्यक्ति कार्यरत हैं।

ओलावृष्टि को लेकर 180 करोड़ की धनराशि दी सरकार ने

इसके साथ ही प्रदेश में धान क्रय का कार्य तेजी से चल रहा है। अतिवृष्टि से किसानों की फसलों को जो नुकसान हुआ था उसके लिए प्रदेश सरकार ने लगभग 180 करोड़ रुपये की धनराशि दी है। जिसे जनपदों में जिलाधिकारियों के माध्यम से वितरित करने के प्रक्रिया चल रही है।

Related Articles

Back to top button