TOP HEADLINES

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ का निधन
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में निधन। 79 साल के मुशर्रफ लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। मई 2016 में पाकिस्तान की एक अदालत ने उन पर देशद्रोह के आरोप लगाए थे। इसके बाद वो देश छोड़कर दुबई चले गए, तो उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया।

दिल्ली में कल होगा मेयर का चुनाव

दिल्ली में कल यानी सोमवार को मेयर का चुनाव होगा। इससे पहले दो बार मेयर का चुनाव कराने की कोशिश हुई थी, लेकिन आम आदमी पार्टी और बीजेपी के हंगामे के चलते चुनाव नहीं हो पाया। मेयर के साथ ही महापौर, उप महापौर और 6 स्थाई समिति के सदस्यों का भी चुनाव होना है।

असम बाल विवाह पर ओवैसी ने उठाए सवाल
हैदराबाद से सांसद और AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम में बाल विवाह के चलते बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। ओवैसी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से सवाल किया कि जिनकी शादी हो चुकी है उन लड़कियों का आप क्या करेंगे? ओवैसी ने असम सरकार पर मुस्लिमों के साथ पक्षपात करने का भी आरोप लगाया।

तेलंगाना के सीएम की महाराष्ट्र में रैली
तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने महाराष्ट्र के नांदेड़ बड़ी रैली की। उन्होंने आजादी के 75 वर्ष के बाद भी आज देश में कई जगह न पीने को पानी, न सिंचाई के लिए पानी और न ही बिजली मिलती है। अब वक्त आ गया है कि किसान देश की सत्ता संभाले। केसीआर की इस रैली को उनकी पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।

अमेरिका ने चीनी गुब्बारे को मार गिराया
अमेरिका ने संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराया। चीन ने अमेरिका के इस एक्शन की आलोचना की। कहा- यह अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का गंभीर उल्लंघन, अमेरिका ने ओवर रिएक्ट किया। चीन के बयान के बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा सकता है।

रवि किशन के बड़े भाई का निधन
भोजपुरी फिल्म अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन के बड़े भाई राम किशन शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन। राम किशन 53 साल के थे। रवि किशन ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।

लोन और सट्टा देने वाले 250 चाइनीज ऐप्स बैन होंगे
सरकार सट्टा लगाने और लोन देने वाले करीब 250 ऐप्स को बैन करेगी। यह जानकारी इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी मिनिस्ट्री ने दी। इन ऐप्स के चीनी कनेक्शन सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।

विनोद कांबली फिर विवादों में
पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली फिर विवादों में। उनकी पत्नी एंड्रिया ने मारपीट का आरोप लगाया। मुंबई के बांद्रा पुलिस्ट स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। एंड्रिया ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके पति विनोद कांबली ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की।

जोस हेजलवुड चोटिल, पहले टेस्ट में खेलना मुश्किल
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोस हेजलवुड बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। उनकी एड़ी की हड्डी पर चोट लगी थी, जो फिर उभर आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- 32 साल के गेंदबाज का दूसरे टेस्ट में भी खेलना संदिग्ध है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चार्लोट एडवर्ड्स बनीं मुंबई इंडियंस की हेड कोच
महिला आईपीएल की मुंबई फ्रेंचाइजी ने इंग्लैंड की पूर्व दिग्ज खिलाड़ी चार्लोट एडवर्ड्स को हेड कोच नियुक्त किया। एडवर्ड्स इंग्लैंड विमेन टीम की कप्तान रह चुकी हैं। वहीं, पद्म श्री और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित झूलन गोस्वामी मुंबई इंडियंस की मेंटर और बॉलिंग कोच होंगी।

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का निधन
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। उनके परिवार के सदस्यों ने इस बात की पुष्टि की है। साल 2014 से मुशर्रफ को अपने देश से निर्वासित कर दिया गया था। पाकिस्तान छोड़ने के बाद से वह यूएई में ही रह रहे थे। 1999 में सैन्य तख्तापलट के बाद मुशर्रफ पाकिस्तान के दसवें राष्ट्रपति बने थे।

अमेरिका और चीन के बीच बढ़ सकता है तनाव
अमेरिका ने संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराया। कैरोलिना तट पर अमेरिकी वायुसेना ने की कार्रवाई। अमेरिका के इस एक्शन पर चीन ने जताया असंतोष, कहा- यह अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का गंभीर उल्लंघन, यूएस ने ओवर रिएक्ट किया। चीन ने यह भी कहा है कि वह आगे आवश्यक प्रतिक्रिया देने का अधिकार सुरक्षित रखेगा। चीन के बयान के बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा सकता है।

हैदराबाद को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बड़ी साजिश का खुलासा। हैदराबाद में ‘लोन वुल्फ अटैक’ की चल रही थी तैयारी। गिरफ्तार आतंकी से पूछताछ में हुआ खुलासा। ISI और लश्कर का लिंक भी सामने आया। हैदराबाद से गिरफ्तार आतंकी जाहेद पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में था और उसे हैंड ग्रेनेड सप्लाई किए गए थे।

देशव्यापी अभियान शुरू करेगी बीजेपी
24 फरवरी से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी बीजेपी। एक साल चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य एक लाख गांवों में पदयात्रा निकालकर एक करोड़ किसानों तक पहुंचना है। आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के आमचुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने कमर कसनी शुरू कर दी है। भारत जोड़ो यात्रा पूरी कर चुकी कांग्रेस जहां हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रही है।

पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली पर FIR
पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली फिर विवादों में। उनकी पत्नी एंड्रिया ने मारपीट का आरोप लगाया। मुंबई के बांद्रा पुलिस्ट स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। एंड्रिया ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके पति विनोद कांबली ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। बांद्रा पुलिस के मुताबिक, कांबली के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला दर्ज कर लिया गया है।

इंटरनैशनल बॉक्सर अमित पंघाल के खिलाफ केस दर्ज
हरियाणा के इंटरनैशनल पहलवान और ASI के पद पर तैनात अमित पंघाल पर रोहतक में FIR दर्ज की गई।अमित पंघाल के खिलाफ उनके चाचा और बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता राज नारायण पंघाल और रोहतक के सनसिटी वासियों ने शिकायत दर्ज कराई है। अमित इसी सोसायटी में रहते हैं। उनपर शराब पीकर अभद्रता करने का आरोप लगा है।

सट्टेबाजी वाली 138 ऐप पर आईटी मंत्रालय की नकेल
इमरजेंसी और अर्जेंट आधार पर सट्टा लगाने वाले 138 ऐप्स और लोन देने वाली 94 ऐप्स को बैन और ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू। गृह मंत्रालय के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय ने इस बाबत जानकारी दी है। इन ऐप्स के चीनी कनेक्शन सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।

SC में जजों के लिए पांच नामों को केंद्र की मंजूरी
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस के तौर पर नियुक्ति के लिए कलीजियम के भेजे पांच नामों को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी। अब सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 32 हो जाएगी। अभी सुप्रीम कोर्ट में कुल तय पद 34 हैं। जिन नामों पर केंद्र ने मुहर लगाई, उनमें राजस्थान हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस पंकज मित्तल, पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय करोल, मणिपुर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस पीवी संजय कुमार, पटना हाई कोर्ट के जस्टिस अहसनुद्दीन अमानुल्लाह, इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस मनोज मिश्रा शामिल हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता चुने गए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता चुने गए हैं। अमेरिकी डेटा इंटेलिजेंस फर्म ‘द मॉर्निंग कंसल्ट’ के सर्वे के मुताबिक मोदी पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर मैक्सिको के राष्ट्रपति लोपेज ओब्राडोर, तीसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति एलेन बेर्सेट, चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बेनेस और पांचवें नंबर पर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा हैं।

देश में पहली बार ट्रांसजेंडर कपल बनेंगे माता-पिता
केरल में एक ट्रांसजेंडर कपल ने कहा है कि वे मार्च में अपने पहले बच्चे का स्वागत करेंगे। देश में किसी ट्रांसजेंडर की प्रेग्नेंसी का संभवत: यह पहला मामला है। डांसर जिया पावल ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके पार्टनर जहाद के गर्भ में आठ महीने का बच्चा है। उनका माता-पिता बनने का सपना अब पूरा होने वाला है।

पाकिस्तान: शेख रशीद अहमद नहीं मिली राहत
पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री और आवामी मुस्लिम लीग प्रमुख शेख रशीद अहमद नहीं मिली राहत। उनकी ट्रांजिट जमानत याचिका खारिज की गई। इसी के साथ पुलिस की ओर से फिजिकल रिमांड की मांग भी ठुकरा दी गई और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामाबाद स्थित जिला और सत्र अदालत में बीते शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच रशीद की पेशी हुई थी।

सीएम केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
दिल्ली में कथित शराब घोटाले को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने AAP दफ्तर के बाहर किया प्रदर्शन। कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी, AAP पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में AAP का नाम आने के बाद CM केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

FPO पहले भी वापस हुए, देश की छवि पर असर नहीं: वित्त मंत्री
अडानी मामले पर मौजूदा विवाद के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आया बयान। कहा- रेगुलेटर अपना काम कर रहे हैं। सेबी के पास बाजारों की स्थिरता सुनिश्चित करने के साधन हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि अडानी समूह के 20,000 करोड़ रुपये का एफपीओ वापस लेने से देश की अर्थव्यवस्था की छवि प्रभावित नहीं हुई है। उधर, बाजार नियामक सेबी ने कहा कि वह शेयर बाजार में निष्पक्षता और उसकी मजबूत बुनियाद बनाए रखने के साथ सभी जरूरी निगरानी करेगा। कुछ खास शेयरों में ज्यादा उतार-चढ़ाव से निपटने के उपाय किए जा रहे हैं।

अनुराग ठाकुर बोले, छिपाने को कुछ नहीं
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि अडानी मामले में बैंक और LIC पहले ही बयान जारी कर चुके हैं। सरकार के पास इस मामले में छिपाने को कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल संसद में इसलिए हंगामा कर रहे हैं जिससे आम बजट पर चर्चा न हो सके। उधर, बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अडानी मामले में जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए।

मशहूर सिंगर वाणी जयराम का निधन
मशहूर सिंगर वाणी जयराम का शनिवार को निधन हो गया। वह 77 साल की थीं। चेन्नै के एक अपार्टमेंट में वह अकेले रहती थीं। उनके पति की पहले ही मौत हो गई थी। वाणी जयराम ने ‘बोले रे पपीहरा’ सहित 19 भाषाओं में 10,000 से अधिक गाने गाए।

बीरभूम जिले में बम विस्फोट में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बम विस्फोट में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत, दो लोग घायल। घटना शनिवार देर रात की है। मृतक का नाम न्यूटन शेख है जो टीएमसी नेता लालू शेख के भाई हैं। हादसे में लालू शेख भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम विस्फोट किस वजह से हुआ।

महज़ 48 दिनों में फांसी की सज़ा
बच्ची से रेप और उसकी हत्या करने के एक दोषी को गाजियाबाद की अदालत ने 48 दिनों में फांसी की सजा सुना दी। शनिवार को कोर्ट ने उस पर 20 हजार का जुर्माना भी लगाया। छह साल की बच्ची को आरोपी ने 1 दिसंबर 2022 को अगवा किया था। रेप के बाद उसकी हत्या कर दी थी।

खबरें काम की
1. इंडियन आर्मी ने अग्निवीर रिक्रूटमेंट प्रक्रिया में बदलाव किया। अब नई प्रक्रिया के मुताबिक, जो उम्मीदवार इस रिक्रूटमेंट में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) देना होगा। एट्रेंस ट्रेस्ट के बाद उम्मीदवार को फिजिकल फिटनेस टेस्ट, इसके बाद मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।

2. हरियाणा सरकार जल्द ही वन्य प्राणी निरीक्षक के खाली पदों को भरने की तैयारी में है। कैबिनेट में नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव के बाद पहली बार सरकार महिलाओं को भी मौका देगी। नियुक्ति में अनिवार्य शारीरिक मानदंड में बदलाव करते हुए स्पीड वॉकिंग टेस्ट को शामिल किया गया है। पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग शारीरिक मापदंड तय किया गया है।

शेयर बाज़ार का हाल
हरे निशान में खुले एशियाई बाजार। यूरोपीय मार्केट्स में भी तेजी। वहीं, पिछले कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे सेंसेक्स और निफ्टी।

इतिहास में आज के दिन के बारे में
664 में प्रसिद्ध चीनी बौद्ध भिक्षु ह्वेनसांग का निधन हुआ। ह्वेनसांग हर्षवर्धन के शासन काल में भारत आए थे। 1916 में हिंदी और संस्कृत के महान कवि जानकी वल्लभ शास्त्री का जन्म हुआ। 1985 में पुर्तगाल के एक गरीब परिवार में मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जन्म हुआ। वहीं, 1992 में आज ही के दिन ब्राजील के एक गरीब परिवार में फुटबॉलर नेमार जूनियर का जन्म हुआ था। 2008 में आध्यात्मिक गुरु महर्षि महेश योगी का निधन हुआ। साठ के दशक में मशहूर रॉक बैंड बीटल्स के सदस्यों के साथ ही वे कई बड़ी हस्तियों के आध्यात्मिक गुरु थे।

Related Articles

Back to top button