हार्ट सर्जरी करने वाले डॉक्टर को खुद उनके दिल ने ही दिया धोखा, जानें क्या बनी वजह!

अहमदाबाद। कुदरत का खेल सचमुच बड़ा निराला है। गुजरात के चर्चित कार्डियोलॉजिस्ट गौरव गांधी के साथ भी कुदरत ने अजीब खेल खेला। डॉक्टर के रूप में 16 हजार से अधिक का हार्ट सर्जरी करने वाले गौरव गांधी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दूसरों के दिलों का इलाज करने वाले इस चर्चित कार्डियोलॉजिस्ट को दिल ने ही धोखा दे दिया। गौरव गांधी के साथ हुई इस घटना ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। हार्ट अटैक से गौरव के निधन पर हैरानी इसलिए भी जताई जा रही है क्योंकि उनकी उम्र महज 41 साल ही थी। वह गुजरात के चर्चित कार्डियोलॉजिस्ट थे।

गौरव गांधी ने जामनगर से ही एमबीबीएस और फिर एमडी की डिग्री ली थी। इसके बाद कार्डियोलॉजी की पढ़ाई अहमदाबाद जाकर की। वह जामनगर में ही रहकर लोगों को इलाज करने लगे। कुछ ही समय में उनकी गिनती सौराष्ट्र के सबसे अच्छे डॉक्टरों में होने लगी। मरीजों को उनपर बहुत ज्यादा भरोसा था। कुछ ही सालों में उन्होंने 16 हजार से ज्यादा लोगों की हार्ट सर्जरी की थी। वह फेसबुक पर ‘हाल्ट हर्ट अटैक’ अभियान से भी जुड़े हुए थे। वह अक्सर सोशल मीडिया और सेमिनार के जरिए लोगों को दिल से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करते थे।

गौरव गांधी ने हर दिन की तरह उस दिन भी मरीजों को चिकित्सा परामर्श दे रहे थे। रात को वह पैलेस रोड स्थित अपने घर लौटे। आराम से परिवार के साथ खाना खाया और सोने चले गए। अगले दिन सुबह 6 बजे जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्होंने पाया कि गौरव की तबीयत ठीक नहीं है। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत जीजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। गौरव गांधी की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। उनके बहुत से मरीज भी अस्पताल के बाहर पहुंचे और उन्हें नया जीवन देने वाले डॉक्टर की मौत पर भावुक दिखे।

Related Articles

Back to top button