विपक्षी नेताओं को लखीमपुर जाने से रोकने पर भड़की शिवसेना, संजय राउत ने पूछा- क्या पाकिस्तान में है UP?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर निशाना साधते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने सवाल किया कि क्या उत्तर प्रदेश में पाकिस्तान है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं को लखीमपुर जाने से रोकने के लिए योगी सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर यह बात कही है। उन्होंने कहा कि पशासन लखीमपुर खीरी में धारा 144 लगा रहा है, लेकिन लखनऊ में विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।

लखीमपुर खीरी हिंसा पर न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा, “लखीमपुर खीरी में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। आप (सरकार) लखनऊ में विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं। यह किस तरह का कानून है? क्या यूपी पाकिस्तान में है जहां भारतीयों को जाने से रोका जाता है? एक राज्य से दूसरे राज्य में आवाजाही पर प्रतिबंध है। क्या यह एक नया लॉकडाउन है?”

उन्होंने आगे कहा, “प्रशासन सत्ताधारी दल के पिंजरे में बंद तोते की तरह है और सरकार जो भी निर्देश देती है उसका पालन करती है। किसानों के ऊपर से वाहन चलने के सबूत हैं।”

संजय राउत ने कहा, “प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है, राहुल गांधी को फ्लाइट पर चढ़ने से रोका जा रहा है। एक राज्य के सीएम को भी रोका जा रहा है। उन्होंने क्या अपराध किया है? क्या देश में कोई नया संविधान है?” शिवसेना सांसद ने यह भी कहा कि सभी विपक्षी दल चर्चा करेंगे कि क्या एक प्रतिनिधिमंडल लखीमपुर खीरी भेजा जाए।

Related Articles

Back to top button