साक्षी मिश्रा पर फिर हुआ जानलेवा हमला, पडोसी पर लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश के बरेली (Bareilly) से बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा पर एक बार फिर हमला हो गया है। अंतरजातीय प्रेम विवाह (Inter Caste Marriage) के बाद चर्चा में आईं साक्षी पर शनिवार को हमला हुआ। बताया जा रहा है कि साक्षी और अजितेश गुपचुप तरीके से बरेली पहुंचे थे।

बरेली के इज्जत नगर थाना क्षेत्र के वीरसावरकर नगर में घटी इस घटना की पुष्टि खुद साक्षी मिश्रा ने की है। उन्होंने अजितेश के पड़ोस में रहने वाली योगिता त्रिपाठी पर मारपीट का आरोप लगाया है। साक्षी ने आरोप लगाया कि बरेली पहुंचने पर योगिता उनकी शादी को लेकर सोशल मीडिया में गलत कमेंट लिख रही थी। उन्‍होंने बताया कि इस बाबत पूछने पर योगिता ने उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। साक्षी बताती हैं कि उन्‍हें गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में साक्षी ने बताया कि उन्‍होंने योगिता और उनके पति अंशुमान त्रिपाठी के खिलाफ पुलिस में तहरीर भी दी है।

बरेली पुलिस पर भी लगाए आरोप

गौरतलब है कि साक्षी मिश्रा के साथ मारपीट की इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साक्षी पड़ोसी के घर से बाहर निकलती हुई नजर आ रही हैं। साथ ही साक्षी ने बरेली पुलिस पर जबरन समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने उन्हें ही जेल भेजने की धमकी दी थी। वहीँ इज्जत नगर के एसओ केके वर्मा के मुताबिक, साक्षी और पड़ोस में रहने वाली योगिता के बीच झगड़ा हुआ था। आपसी सहमति के बाद दोनों ही परिवारों में समझौता हो गया है। उन्‍होंने तहरीर मिलने से इंकार किया है।

ये है पूरा मामला

बता दें कि बरेली से बीजेपी के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा बीते 3 जुलाई को अपने घर से अचानक चली गई थीं। इसके बाद साक्षी और अजितेश की शादी की खबर आई। दरअसल 10 जुलाई को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दोनों ने अपने परिजनों से ही अपनी जान को खतरा बताया था। इसके अगले दिन यानी 11 जुलाई को साक्षी ने एक और वीडियो जारी कर अपने पिता राजेश मिश्रा, भाई विक्की भरतौल और पिता के करीबी राजीव राणा से जान को खतरा बताया था। इन दोनों वीडियो के वायरल होने के बाद मामला गरमा गया था। बीती रात भी दोनों गुपचुप तरीके से ही बरैली पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button