अंग्रेजों से ट्रेनिंग ली हुई संस्था है संघ; भाजपा का आजादी में कोई योगदान नहीं

ईस्ट इंडिया कंपनी का मौसेरा भाई है RSS:कांग्रेस नेता बोले-

प्रेमचंद्र मिश्रा, प्रवक्ता, कांग्रेस।

सावरकर कौन थे? उन्होंने तो अंग्रेजों से माफी मांगी थी। आरएसएस का इतिहास लोगों को बताइए कि उनका देश की आजादी में क्या योगदान है। आरएसएस ने तिरंगा को भी अस्वीकार किया था और चाहते थे कि अंग्रेज भारत में ही रहें। देश ने जिन मूल्यों के लिए आजादी पाई उस पर हमला हो रहा है। अभिव्यक्ति की आजादी संकट में है। ईस्ट इंडिया कंपनी चली गई, पर अपने मौसेरे भाइयों को आरएसएस के रूप में छोड़ दिया। अंग्रेजों से ट्रेनिंग ली हुई संस्था है आरएसएस। ये बातें रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एमएलसी प्रेमचंद मिश्रा ने कही।

प्रखंड स्तर पर आजादी की हीरक जयंती मनाएगी कांग्रेस

प्रेमचंद्र मिश्रा कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। सदाकत आश्रम में इंदिरा गांधी की 37वीं पुण्य तिथि और सरदार पटेल की 146वीं जयंती मनाई गई। दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के बाद आजादी की 75वीं वर्षगांठ यानी हीरक जयंती समारोह का भी आयोजन यहां किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि हीरक जयंती समारोह का आयोजन प्रखंड स्तर पर होगा और इस कार्यक्रम में पार्टी के सीनियर लीडर शिरकत करेंगे।

हीरक जयंती के दौरान सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेता।

लोग असली और नकली देशभक्त में फर्क करें

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि आजादी का 75वां वर्ष मनाने का नैतिक अधिकार किसी पार्टी के पास है तो वह कांग्रेस को है। कांग्रेस नेताओं ने अपनी कुर्बानी दी। भाजपा और भाजपा सरकार ने आजादी में कोई योगदान नहीं दिया। खुद को राष्ट्रभक्त बताने के लिए इसका प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। कांग्रेस पंचायत स्तर पर भी आजादी की हीरक जयंती मनाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों तक आजादी की लड़ाई में गांधी, नेहरू और पटेल के योगदान को पहुंचाएं, ताकि असली और नकली देशभक्त में लोग फर्क कर सकें।

कांग्रेस ने दिया भाजपा को नया नाम

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए अनिल शर्मा ने शेर भी पढ़ा। उन्होंने कहा कि ‘जब वक्त पड़ी गुलिस्ता को तो खू से सींचा हमने, अब आई है बहार तो कहते हो तेरा काम नहीं।’ वहीं, पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता चंदन बागची ने कहा कि महंगाई कैसी बढ़ गई है, देख लीजिए। उन्होंने भाजपा को भारतीय झंझट पार्टी कहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि आरएसएस इतिहास को बदलना चाहती है, इसलिए कांग्रेस के कार्यकर्ता दमदार तरीके से उनको जवाब दें।

कई नेता रहे मौजूद

आजादी की 75वीं वर्षगांठ कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक गगन ने कार्यक्रम का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापन संयोजक रीता सिंह ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, श्याम सुंदर सिंह धीरज, विधायक राजेश कुमार राम, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश पाण्डेय, ब्रजेश प्रसाद मुनन, पूर्व विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, लालबाबू लाल, गजानंद शाही, अर्जुन मंडल, प्रवक्ता आनंद माधव आदि की उपस्थिति खास रही। विभिन्न झांकियों के प्रदर्शन में प्रमुख रूप से इंडिजिनस नेशन एंड डिस्कवरी ऑफ इन्हेरिट आर्ट के रंगकर्मी और कलाकारों की प्रस्तुति को सभी ने सराहा।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button