राजा भैया से खतरनाक पत्नी भानवी? माता-पिता का ‘हत्या की साजिश’ का आरोप, खाने में जहर.. पूरी कहानी फिल्मी!

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के ससुराल में पारिवारिक कलह अब गंभीर आरोपों और पुलिस शिकायतों में तब्दील हो गई है। विधायक की पत्नी भानवी सिंह के माता-पिता ने पुलिस को पत्र लिखकर बेटी से जान का खतरा बताया है। उन्होंने सीधे-सीधे आरोप लगाया है कि भानवी सिंह ने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के बाद अब उन्हें जान से मारने की साजिश रची है।
बेटी से खतरा, संपत्ति बेच दी, पैसे गायब
भानवी सिंह के पिता रवि प्रताप सिंह ने डीजीपी उत्तर प्रदेश और लखनऊ पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने लिखा है कि उन्होंने भरोसे में आकर बेटी को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी, लेकिन भानवी ने बिना पूछे करोड़ों की संपत्ति बेच डाली और पूरा पैसा गायब कर दिया। अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है।
नौकर से हत्या की साजिश का आरोप
चिट्ठी में यह सनसनीखेज आरोप भी लगाया गया है कि भानवी ने एक नौकर के ज़रिये उन्हें मरवाने की साजिश रची। नौकर को कार देने का लालच देकर उसने हत्या की योजना बनाई। इतना ही नहीं, आरोप है कि उनके खाने में जहर भी मिलाने की कोशिश की गई थी।
तीन गंभीर आरोप: मारपीट, घर में जबरन घुसपैठ और परिवार पर हमला
रवि प्रताप सिंह और उनकी पत्नी ने तीन बिंदुओं में आरोप लगाए हैं—
- संपत्ति के लालच में भानवी सिंह उनसे और उनकी पत्नी से मारपीट करती हैं।
- मां और बहन से भी हाथापाई की जा चुकी है।
- बस्ती जिले में स्थित पुश्तैनी घर का ताला तोड़कर जबरन घुसीं और कब्जा कर लिया।
हजरतगंज में हुआ था हाई वोल्टेज ड्रामा, अपार्टमेंट के बाहर जम गई भीड़
1 जुलाई को लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट में भानवी सिंह द्वारा देर रात किया गया हाई वोल्टेज ड्रामा भी अब इस विवाद का हिस्सा बन चुका है। माता-पिता से मुलाकात के लिए पहुंचीं भानवी को जब अंदर नहीं आने दिया गया, तो उन्होंने अपार्टमेंट के बाहर जोरदार हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसी तरह उन्हें शांत कराया।
भानवी ने कहा- मिलने नहीं दिया, मैं अपना पक्ष रखूंगी
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में भानवी सिंह ने कहा कि उन्हें उनके माता-पिता से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही सबके सामने अपना पक्ष रखेंगी। वहीं, उनकी बहन साध्वी सिंह ने मौखिक रूप से पुलिस को ‘माता-पिता को जबरन ले जाने की कोशिश’ का आरोप लगाया।
राजा भैया की पत्नी, बिजनेस वुमन और संपत्ति की मालकिन
भानवी सिंह बस्ती राजघराने से हैं और राजा भैया से उनकी शादी 1995 में हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। राजा भैया और भानवी के बीच कई वर्षों से संबंधों में खटास बनी हुई है। नवंबर 2022 में भानवी ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी, जिसमें क्रूरता और अवैध संबंधों के आरोप लगाए गए थे।
संपत्ति में भी राजा भैया से आगे हैं भानवी सिंह
2017 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, राजा भैया की कुल संपत्ति 14 करोड़ रुपये थी, जिसमें से 7.2 करोड़ रुपये की संपत्ति भानवी के नाम पर थी। यानी संपत्ति के मामले में भी वह राजा भैया से कहीं आगे हैं।
चार महीने पहले दर्ज करवाई थी FIR, सुरक्षा की मांग
भानवी सिंह ने चार महीने पहले दिल्ली में राजा भैया के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था और सुरक्षा की मांग की थी।
निजी विवाद से सार्वजनिक तनाव तक
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच का यह निजी विवाद अब ससुराल पक्ष से भी कानूनी मोड़ ले चुका है। संपत्ति, संबंध और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के साथ यह मामला न केवल परिवार के भीतर बल्कि सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।