PM मोदी ने बिहार की जनता को दी बधाई, बोले- नया दशक बिहार का होगा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में NDA की जीत पर बिहार निवासियों को बधाई दी है। दिन भर चली उहापोह के बाद देर रात परिणाम स्पष्ट होने व राजग को बहुमत मिलने पर प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक 4 ट्वीट कर लोगों को बधाई दी। अपने पहले ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा साथियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया दशक बिहार का होगा और आत्मनिर्भर बिहार उसका रोडमैप है। बिहार के युवाओं ने अपने सामर्थ्य और एनडीए के संकल्प पर भरोसा किया है। इस युवा ऊर्जा से अब एनडीए को पहले की अपेक्षा और अधिक परिश्रम करने का प्रोत्साहन मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया है। आज बिहार ने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है। रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के प्रत्येक वोटर ने साफ-साफ बता दिया कि वह आकांक्षी है और उसकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ विकास है। बिहार में 15 साल बाद भी राजग के सुशासन को फिर आशीर्वाद मिलना यह दिखाता है कि बिहार के सपने क्या हैं, बिहार की अपेक्षाएं क्या हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के गांव-गरीब, किसान-श्रमिक, व्यापारी-दुकानदार, हर वर्ग ने एनडीए के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर भरोसा जताया है। मैं बिहार के हर नागरिक को फिर आश्वस्त करता हूं कि हर व्यक्ति, हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए हम पूरे समर्पण से निरंतर काम करते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button