सपा की अराजकता से जनता ने भाजपा को सौंपी सत्ता- चंद्रभूषण पांडेय

लखनऊ : जब प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार चरम पर हो गया था, तभी तो जनता ने समाजवादी पार्टी को किनारे कर सत्ता को सुरक्षित हाथों में सौंपा। समाजवादी पार्टी खुद अराजकता की पर्यायवाची है। जब भी सत्ता में रही है, प्रदेश में अराजकता अपने चरम पर पहुंच गयी है। अखिलेश यादव शायद अपने शासनकाल की अराजकता को भूल गये हैं। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने कही।

वे शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के दिये बयान “देश को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करना होगा।” का जवाब रविवार को दे रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा था कि संविधान की उद्देशिका में उल्लिखित समाजवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र के लिए भाजपा के रहते खतरा बना हुआ है। चंद्रभूषण पांडेय ने हिन्दुस्थान समाचार से विशेष वार्ता में कहा कि प्रदेश को खतरा तो अखिलेश यादव से बना हुआ था। जो व्यक्ति अपने जन्मदाता का नहीं हुआ, वह भला प्रदेश की जनता का भला कैसे सोच सकता है। भाजपा की सरकार में हो रहे चतुर्दिक विकास से विपक्ष घबरा गया है।

उन्होंने कहा कि यहां कोरोना काल के बाद भी इस समय प्रदेश में नौ किमी प्रतिदिन के हिसाब से सड़के बन रही हैं। प्रदेश में माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि पूरे प्रदेश में योगी सरकार माफिया व उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान चलाकर उनकी गलत ढंग से अर्जित की गयी संपत्ति को जब्त कर रही है। सपा के बौखलाहट का यही कारण है। क्योंकि इन माफियाओं को सपा का हमेशा संरक्षण प्राप्त रहता था। आज वे त्रस्त हो चुके हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सरकार की हर योजना समाज के निचले पायदान तक पहुंच रही है। आज हर व्यक्ति खुशहाल महसूस कर रहा है, जबकि सपा के शासन काल में योजनाएं कागजों तक ही सीमित रह जाती थी। सपा मुखिया के बौखलाहट का एक कारण यह भी है कि वे सोच नहीं पा रहे कि आम जन को कैसे भड़काया जाय।

Related Articles

Back to top button