‘एलिमनी’ में पति से मिले 5 करोड़, मैट्रिमोनियल साइट.. ऑस्ट्रेलिया से आया ‘डॉक्टर’.. और लूट ले गया ₹3.6 करोड़!

ऑनलाइन रिश्तों की दुनिया में एक बार फिर धोखे की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक तलाकशुदा महिला से शादी का वादा कर ₹3.6 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी आखिरकार पकड़ा गया। आरोपी ने खुद को ‘डॉ. रोहित ओबेरॉय’ बताकर पहले महिला से दोस्ती की, फिर प्यार और फिर एक फर्जी इंटरनेशनल बिजनेस के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। असल में आरोपी का असली नाम अभिषेक शुक्ला है, जो लखनऊ का निवासी और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाला एक भारतीय मूल का नागरिक है।

कैसे रचा गया फरेब का जाल?

महिला, जो मूल रूप से दिल्ली की निवासी है और वर्तमान में पुणे में रहती है, जीवनसाथी की तलाश में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। आरोपी ने 2023 में उससे संपर्क किया और खुद को डॉक्टर और ऑस्ट्रेलिया निवासी बताकर भरोसा जीत लिया। दोनों पुणे समेत कई जगहों पर साथ रहे, जिससे महिला को कोई शक न हो।

करोड़ों की ठगी, नकली पहचान और विदेश के खाते

महिला ने तलाक के बाद ₹5 करोड़ का गुजारा भत्ता पाया था और वह आध्यात्मिक और माइंडफुलनेस बिजनेस शुरू करने की योजना बना रही थी। आरोपी ने यह जानकर उसे एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में निवेश करने को राजी किया और सिंगापुर समेत भारत के कई बैंक खातों में ₹3.60 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को अपने दो फर्जी साथियों ‘इवॉन हैंडायनी’ और ‘विन्सेंट कुआन’ से मिलवाया, जो कथित रूप से सिंगापुर निवासी थे। इन दोनों के बहाने निवेश को जायज ठहराया गया।

मौत की झूठी खबर और गायब हो गया ‘डॉक्टर’

सितंबर 2024 में महिला को ‘विन्सेंट कुआन’ के नाम से एक ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि ‘डॉ. रोहित ओबेरॉय’ की मृत्यु हो चुकी है। शक होने पर महिला ने अपने एक दोस्त को जानकारी दी, जिसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ।

कैसे हुआ पर्दाफाश और गिरफ्तारी?

महिला ने नवंबर 2024 में पुणे साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान तकनीकी सबूतों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि आरोपी का असली नाम अभिषेक शुक्ला है और वह ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में रह रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर लुक-आउट सर्कुलर जारी कर दिया। बुधवार को जैसे ही पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिंगापुर से मुंबई आ रहा है, तुरंत एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

3,194 महिलाओं को भेजे थे फर्जी मैसेज!

पुणे के अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) पंकज देशमुख ने बताया कि आरोपी ने कम से कम 3,194 महिलाओं को ‘डॉ. रोहित ओबेरॉय’ नाम से मैसेज भेजे थे। यह मामला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन स्कैम का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अब इस धोखाधड़ी के बड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button