कोहली की बेटी को धमकाने वाला गिरफ्तार: मुंबई पुलिस ने हैदराबाद से इंजीनियर को पकड़ा

पाकिस्तान से मैच हारने पर दुष्कर्म की धमकी दी थी,

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा की बेटी को दुष्कर्म की धमकी देने वाले व्यक्ति को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। 23 साल के आरोपी को मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने बुधवार को पकड़ा। उसे मुंबई लाया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति का नाम रामनागेश अकुबाथिनी है। उसने IIT हैदराबाद से बीटेक किया है और पेशे से इंजीनियर है। वो कुछ समय पहले तक फूड डिलीवरी एप के लिए काम करता था।

पाकिस्तान से हार के बाद दी थी धमकी
टीम इंडिया T-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है। पहले मैच में पाकिस्तान और इसके बाद न्यूजीलैंड ने भी भारत को मैच में हरा दिया था। इसके बाद कोहली और बाकी प्लेयर्स आलोचकों के निशाने पर आ गए थे। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए खिलाड़ियों के परिवारों को भी टारगेट करना शुरू कर दिया था। 24 अक्टूबर को टीम इंडिया पहले मैच में पाकिस्तान से हार गई थी। इसके बाद एक सोशल मीडिया अकाउंट से विराट कोहली की बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी गई थी। आरोपी ने ट्वीट करने के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया था।

दिल्ली महिला आयोग ने दिखाई थी सख्ती
इस मामले में दिल्‍ली महिला आयोग की प्रमुख स्‍वाती मालीवाल ने भी सख्ती दिखाई थी। उन्होंने कहा था- कुछ ऐसे ट्वीट्स आए हैं, जिनमें विराट की 9 महीने की बेटी से बलात्‍कार की धमकियां दी गईं। दिल्‍ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को इस पर कार्रवाई करना चाहिए। स्वाति ने दिल्‍ली पुलिस से FIR की जानकारी मांगी थी।

धोनी की बेटी को भी मिली थी धमकी
यह पहला मौका नहीं है, जब ट्रोलर्स ने क्रिकेटर्स की फैमिली को निशाना बनाया। IPL में फेल होने पर ट्रोलर्स ने धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी 5 साल की बेटी जीवा से रेप की धमकी दी थी। तब एक्ट्रेस नगमा ने इस बात की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा था- देश में क्या हो रहा है?

धोनी की बेटी से दुष्कर्म करने के मामले में कच्छ से एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था। आरोपी की उम्र 16 साल थी और वो 11वीं का स्टूडेंट था। पश्चिम कच्छ पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले आरोपी ने विवादित कमेंट सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया था।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button