मयंक अग्रवाल ने बांग्लादेश के खिलाफ ठोका दोहरा शतक, तोडा सेहवाग और रोहित का रिकॉर्ड

मयंक अग्रवाल ने इंदौर टेस्‍ट में बांग्‍लादेश के खिलाफ दोहरा शतक जड़ दिया है | उन्‍होंने 303 गेंदों में 25 चौकों और 5 छक्‍कों की मदद से टेस्‍ट क्रिकेट में अपना दूसरा दोहरा शतक पूरा किया | मयंक ने स्पिनर मेहदी हसन मिराज की गेंद पर छक्‍का लगाकर 200 रन का आंकड़ा पार किया | पिछले महीने ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मयंक ने डबल सेंचुरी लगाई थी | विशाखापत्‍तनम में खेले गए टेस्‍ट में उन्‍होंने 215 रन की पारी खेली थी | उनके नाम टेस्‍ट में 3 शतक और 3 अर्धशतक हो चुके हैं | पिछली 5 पारियों में वे 3 शतक लगा चुके हैं | मयंक ने पिछले साल ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न में टेस्‍ट करियर का आगाज किया था |

मयंक ने अपने करियर में दूसरी बार छक्‍का लगाकर दोहरा शतक पूरा किया है | वहीं अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में मयंक से पहले रोहित शर्मा ने सिक्‍स के साथ दोहरा शतक लगाया था | मयंक ने ओपनर के रूप में एक साल में दो दोहरे शतक लगाने में वीरेंद्र सहवाग की बराबरी कर ली है | सहवाग ने 2008 में यह कमाल किया था | बांग्‍लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाने वाले मयंक अग्रवाल तीसरे भारतीय हैं | उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 2004 और विराट कोहली ने 2017 में इसी टीम के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था |

वहीं इस साल घरेलू टेस्‍ट में भारत के बल्‍लेबाजों ने सभी चारों टेस्‍ट में दोहरे शतक उड़ाए हैं | टेस्‍ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी टीम की ओर से लगातार 4 टेस्‍ट मैचों में दोहरे शतक लगाए गए हैं | दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्‍ट में मयंक अग्रवाल, दूसरे में विराट कोहली और तीसरे में मयंक अग्रवाल ने 200 रन का आंकड़ा पार किया था | अब बांग्‍लादेश के खिलाफ मयंक ने फिर से यह मील का पत्‍थर पार किया |

Related Articles

Back to top button