लखनऊ में मुठभेड़, STF ने 2 को मार गिराया:मुख्तार गैंग के थे शार्प शूटर,

BJP नेता की हत्या में भी आरोपी; एक लाख का था इनाम

लखनऊ में UP STF ने बुधवार रात मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अली शेर और उसके साथी कामरान को मुठभेड़ में मार गिराया। बदमाश अली शेर झारखंड में वरिष्ठ भाजपा नेता जीतराम मुंडा की हत्या केस में फरार चल रहा था। इसपर एक लाख का इनाम रखा गया था। वहीं, उसके साथी कामरान पर 25 हजार का इनाम घोषित था।

एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक, यह आरोपी लखनऊ में किसी बड़े व्यापारी नेता की हत्या करने के लिए आए थे। मुखबिर की सूचना पर STF की टीम ने मड़ियांव घैला चौकी से फैजुल्लागंज रोड पर घेरा बंदी की। जिसमें दोनों तरफ से हुई फायरिंग में आरोपी अलीशेर व कामरान को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। एडीजी अमिताभ यस के मुताबिक, बदमाशों के पास से एक मोटरसाइकिल, कार्बाइन, 2 पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।

सुपारी लेकर करता था मर्डर
अलीशेर पिछले 25 साल से पूर्वांचल में अपराध का पर्याय बना हुआ था। यह सुपारी लेकर विभिन्न राज्यों में हत्या करता और कराता था। इसपर 22 सितंबर को झारखंड के रांची के भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की हत्या का आरोप भी था। इसके ऊपर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। इसपर आजमगढ़ में 18 मुकदमे दर्ज है।

साथ ही गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई भी हुई है। वहीं, इसका साथी कामरान उर्फ बन्नू के खिलाफ करीब 7 मामले सामने आए हैं। दोनों हमेशा साथ ही रहते थे। यह दोनों ही आजमगढ़ के थाना क्षेत्र गंभीरपुर का रहने वाले हैं।

UP STF की कई राउंड की फायरिंग में बदमाश मार गिराए गए।

22 सितंबर को जीतराम मुंडा की हुई थी हत्या
भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की 22 सितंबर (बुधवार) को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नक्सलियों को शक था कि वह उनकी जानकारी पुलिस को देते हैं। उनके ऊपर 4 साल पहले ओरमांझी में भी फायरिंग हुई थी। जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।

उनकी हत्या के मुख्य आरोपी एक लाख के इनामी मनोज मुंडा ने 7 अक्टूबर को रांची कोर्ट में सरेंडर किया था। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसी मामले में अली शेर भी फरार चल रहा था।

भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button