लखनऊ : भाजपा अपनी झूठ की फसल को लहलहाने में छल प्रपंच का देती है खाद-पानी : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा अपनी झूठ की फसल को लहलहाने में छल प्रपंच का खाद-पानी देकर समझती है कि जनता उसकी सच्चाई नहीं जान पाएगी। लेकिन, हकीकत में अब भाजपा की कोई चाल सफल होने वाली नहीं है।

अखिलेश ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि कानून व्यवस्था कायम रखने में भाजपा पूरी तरह विफल है। भाजपा का एजेण्डा विपक्षी जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं का उत्पीड़न करना और अपमानित करना है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों की आवाज को कुचलने और बदनाम करने में लगी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बड़े बड़े वादे करते हैं और फिर उन्हें जुमला बताकर इज्जत पर पड़े दाग छुपा लेने में माहिर है। इधर उन्होंने एक करोड़ श्रमिकों को रोजगार देने की घोषणा कर दी। इसमें कितनी सच्चाई है इससे जाहिर है कि अपनी रोजी-रोटी के लिए प्रवासी मजदूर फिर प्रदेश से बाहर जाने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह नहीं बताते कि प्रदेश में कौन उद्योग लगे हैं, किन बैंकों ने किन उद्यमियों को कर्ज दिया है और किस उद्योग में किस-किस श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती हुई है। अच्छा हो राज्य सरकार इस सम्बंध में एक श्वेत पत्र ले आए।

अखिलेश ने कहा कि वास्तव में भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों को अब तक धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया है। 14 दिन के अन्दर गन्ना भुगतान का वादा पूरा नहीं किया। पूरे प्रदेश में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये गन्ना किसानों का बकाया है। पांच वर्ष में 60 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की हैं। सामाजिक सद्भाव की कीमत पर राजनीतिक स्वार्थ साधन और विकास में अवरोध पैदा करने की साजिश करते रहना ही भाजपा की कार्यपद्धति है।

Related Articles

Back to top button