दर्दनाक हादसा: रील एडिक्शन बना मौत का कारण; वीडियो बनाते समय 50 फीट ऊंचाई से गिरा युवक, देखिए

राजस्थान के कोटा शहर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। 19 वर्षीय अर्जुन कहार नामक युवक, दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए गैपरनाथ गया था, जहां रील बनाते समय उसका पैर फिसल गया और वह लगभग 50 से 60 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल अर्जुन ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसा आरकेपुरम थाना क्षेत्र में स्थित गैपरनाथ मंदिर के पास हुआ।

जिद कर गैपरनाथ गया था अर्जुन

अर्जुन के दोस्त सूरज ने बताया कि रविवार को अर्जुन ने गैपरनाथ घूमने की जिद की थी। उसकी बात मानकर वे लोग तैयार हुए और तीन बाइक पर सवार होकर गैपरनाथ पहुंचे। अर्जुन, दशरथ और सूरज एक बाइक पर जबकि दिनेश, विकास और शानू दूसरी बाइकों से आए थे। गैपरनाथ में नीचे जाने का आधिकारिक रास्ता बंद था, ऐसे में सभी दोस्त जुगाड़ वाले (पत्थरों के बीच से निकलने वाले) रास्ते से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अर्जुन के हाथ में मोबाइल था और वह वीडियो बना रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधा नीचे गिर पड़ा।

मुंह के बल गिरा अर्जुन

सूरज ने बताया कि अर्जुन लगभग 50-60 फीट ऊंचाई से मुंह के बल गिरा। नीचे जाकर दोस्तों ने उसे संभाला तो उसकी सांसें चल रही थीं। उसने पानी मांगा। इसके बाद सभी ऊपर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। करीब 45 मिनट के भीतर वे उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही अर्जुन ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी।

12वीं का छात्र था अर्जुन

कहार समाज के युवा प्रदेश अध्यक्ष कुंजबिहारी ने बताया कि अर्जुन कैथून का निवासी था और दो भाइयों में बड़ा था। वह वर्तमान में 12वीं कक्षा का छात्र था और साथ ही मेडिकल शॉप पर काम करता था। हादसे के समय वह पांच दोस्तों के साथ पिकनिक पर गया था। उसके दोस्तों ने बताया कि वह रील बनाने में काफी रुचि रखता था और उसी दौरान यह हादसा हुआ।

परिजनों को देर शाम मिली जानकारी

अर्जुन के परिवार को शाम करीब 6 बजे घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चरी पहुंचे। अर्जुन का मोबाइल अभी तक खराब है, जिसके ठीक होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है क्योंकि एक साल पहले अर्जुन के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी। हालांकि, अभी तक परिजनों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

मोबाइल की जांच से खुल सकते हैं नए राज

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुन का मोबाइल हादसे में क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन उसके ठीक होने पर पुलिस यह जांचेगी कि हादसे का वीडियो बना था या नहीं। यह वीडियो ही यह तय कर सकता है कि घटना महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कुछ और कारण भी हो सकते हैं। दोस्तों और परिजनों के बयान भी जांच में शामिल किए जा रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button