भारत से ताइवान को मिली बधाईयां, आगबबूला हो गया चीन

बीजिंग: ताइवान के नेशनल डे जहां शक्ति प्रदर्शन किया वहीं  अपने भाषण से चीन को उसकी हरकतों का करारा जवाब भी दिया । ताइवान की इस दिलेरी पर पूरी दुनिया ने बेशक हैरानी जताई लेकिन भारतीयों ने तइपे को जमकर बधाई दी। भारत की तरफ से ताइवान को मिले इन बधाई संदेशों से  चीन को खूब मिर्ची लग रही है।  बौखलाए चीन ने एक बयान जारी कर कहा कि ऐसी सभी कोशिशें बेकार साबित होंगी। पिछले साल भी ताइवान को अपने राष्ट्रीय दिवस के मौके पर भारत के लोगों से बधाई संदेश मिले थे और चीन इसी तरह तिलमिलाया गया था। ताइवान का नेशनल डे 10 अक्टूबर को मनाया जाता है। 

दिल्ली में चीनी दूतावास के प्रवक्ता वांग जिआओजियान ने ट्वीट कर ताइवान को भारत से मिले बधाई संदेशों पर नाराजगी जताते हुए लिख, ‘हाल ही में, भारत में कुछ मीडिया और व्यक्तियों ने ताइवान स्वतंत्रता के लिए मंच प्रदान किया या समर्थन किया।इन लोगों ने ‘दो चीन’ या एक चीन, एक ताइवान’ की वकालत की जो  खुले तौर पर एक-चीन सिद्धांत का उल्लंघन है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। इस तरह की सभी कोशिशें बेकार साबित होंगी।

बता दें कि चीन और ताइवान के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा है। चीन ताइवान को अपना अभिन्न अंग मानता है और चाहता है कि ताइवान उसके कहे अनुसार चले। लेकिन ताइवान सरकार चीन के आगे झुकने को तैयार नहीं है। यही वजह है कि ताइवान के समर्थन में उठने वाली हर आवाज को चीन अपना विरोधी समझ लेता है। उसने पिछले साल भारत से ताइवानी स्वतंत्रता दिवस न मनाने का आग्रह किया था।कम्युनिस्ट सरकार ने कहा था कि यह चीन का अभिन्न हिस्सा है।  अगर भारत में ताइवान का राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है, तो इससे चीन के साथ संबंधों पर असर पड़ेगा।

गौरतलब है कि हाल ही में दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है क्योंकि चीन ने कई बार ताइवान की हवाई सीमा में घुसपैठ की है।  ताइवान को अमेरिका का समर्थन प्राप्त है।  अमेरिकी सेना ताइवान की आर्मी को प्रशिक्षित कर रही है, ताकि युद्ध की स्थिति में बीजिंग को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।

Related Articles

Back to top button