हिसार : सोनाली के खिलाफ आवाज उठाने वाला भाजपा का मंडल अध्यक्ष व एक अन्य पार्टी से निष्कासित

हिसार। पिछले काफी समय से भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाने वाले भाजपा के काजलां मंडल के अध्यक्ष सुभाष शर्मा व एक अन्य को पार्टी ने 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। देर सायं जिला प्रधान कैप्टन भूपेन्द्र ने उनके निष्कासन का पत्र जारी किया।
इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के हिसार आगमन के दौरान उनसे मिलने का प्रयास करने वाले सुभाष शर्मा व एक अन्य ने प्रदेशाध्यक्ष द्वारा मुलाकात न किए जाने के रोषस्वरूप भाजपा कार्यालय के बाहर ही धरना दे दिया और पार्टी के खिलाफ जमकर जहर उगला। भाजपा जिला अध्यक्ष ने काजलां मंडल के अध्यक्ष रहे सुभाष शर्मा व एक अन्य कार्यकर्ता अमित बिसला के निष्कासन के आदेश जारी करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी प्लेटफार्म पर बात रखकर अपनी नाराजगी दूर करने की बजाय सार्वजनिक मंचों व सोशल मीडिया में बयानबाजी करके पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया। सुभाष शर्मा पिछले लगभग 15 दिनों से भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना है कि उनकी शिकायत भी नहीं ली जा रही। सुभाष शर्मा ने कहा कि आज उन्हें प्रदेशाध्यक्ष से मिलने की बात कहकर बुलाया गया था लेकिन सोनाली फोगाट के दबाव में प्रदेशाध्यक्ष से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी सोनाली फोगाट के दबाव में काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button