अचानक कैसे टूटा 45 साल पुराना पुल ? 4 वाहन नदी में गिरे, 6 की मौत.. कैंटर अधर में लटका.. देखें वीडियो

गुजरात के वडोदरा जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया जब महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पुल अचानक टूट गया। यह पुल मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ने वाला अहम रास्ता था। हादसे में पुल से गुजर रहे कई वाहन नदी में गिर गए, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।

चार वाहन नदी में गिरे, स्थानीयों ने 5 लोगों की जान बचाई

हादसे के समय पुल से दो ट्रक, एक बोलेरो और एक अन्य वाहन गुजर रहे थे। पुल टूटते ही ये सभी वाहन सीधे नदी में जा गिरे। स्थानीय लोगों की तत्परता से 5 लोगों को रेस्क्यू कर बचा लिया गया। मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड की तीन टीमें पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

 

 

 

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल हुए 8 लोगों में से 6 को पादरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को वडोदरा के सयाजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

दक्षिण गुजरात की कनेक्टिविटी पर पड़ा सीधा असर

महिसागर नदी पर बना यह पुल भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड को सौराष्ट्र से जोड़ता था। अब इसके टूटने के बाद इन जिलों के लोगों को सौराष्ट्र पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों दोनों का नुकसान होगा। पर्यटन और परिवहन पर इसका बड़ा प्रभाव पड़ने की आशंका है।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल 45 साल पुराना था और इसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। कई बार प्रशासन को इसकी मरम्मत के लिए शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

गुजरात में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

यह पहली बार नहीं है जब गुजरात में पुल हादसा हुआ है। इससे पहले अक्टूबर 2022 में मोरबी में मच्छु नदी पर बना झूला पुल गिरने से 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा सितंबर 2023 में सुरेंद्रनगर और अक्टूबर 2023 में बनासकांठा में भी पुल गिरने की घटनाएं सामने आई थीं। इन लगातार हो रहे हादसों से यह साफ है कि राज्य में पुरानी संरचनाओं की निगरानी और मरम्मत को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। इलाके में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

 

Related Articles

Back to top button