बड़ी खबर: सपा नेता ‘माता प्रसाद पांडेय’ बुलडोजर से हमला! गाड़ी के शीशे तोड़े.. अखिलेश यादव का पारा हाई !

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को उस समय सियासी तनाव पैदा हो गया, जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के एक समूह द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। समाजवादी पार्टी ने इसे एक पूर्व नियोजित हमला करार देते हुए लोकतंत्र की हत्या बताया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर बयानबाज़ी तेज हो गई है और प्रदेश में विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है।

विरासत कॉरिडोर दौरे के दौरान रास्ता रोका, नारेबाज़ी और झड़प

घटना उस वक्त हुई जब माता प्रसाद पांडेय गोरखपुर के विरासत कॉरिडोर का दौरा कर रहे थे और ‘तिवारी हाता’ इलाके में मीडिया से बातचीत के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में नरमल चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों के समूह ने उन्हें रोका और “सपा वापस जाओ” के नारे लगाए। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई, जिसमें सपा के कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा और खिड़कियों के शीशे टूट गए।

सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर दिया धरना, भाजपा ने किया जवाबी प्रदर्शन

इस विरोध के जवाब में माता प्रसाद पांडेय और उनके समर्थकों ने वहीं सड़क पर धरना देना शुरू कर दिया। लगभग उसी समय भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के समूह ने भी समानांतर प्रदर्शन किया, जिससे माहौल और गर्मा गया। पुलिस को दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा और भाजपा समर्थकों को तितर-बितर किया गया।

 ‘हमला हुआ, गाड़ी का शीशा तोड़ा गया’

पत्रकारों से बात करते हुए माता प्रसाद पांडेय ने कहा, “व्यापारियों को सरकार की तरफ से सड़क चौड़ीकरण के बदले उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। हम जब उनकी समस्याएं सुनने गए तो भाजपा कार्यकर्ताओं और एक विधायक ने हमें रास्ते में ही रोक लिया और हमारे वाहन पर हमला किया। हमारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया।”

भाजपा विधायक विपिन सिंह का जवाब

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक विपिन सिंह ने सपा नेताओं पर राजनीतिक नौटंकी का आरोप लगाते हुए कहा: “गोरखपुर और पूरे प्रदेश में जबरदस्त विकास हो रहा है। समाजवादी पार्टी को अब कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है, इसलिए यह ड्रामा किया जा रहा है। व्यापारी खुद इनके एजेंडे को पहचान चुके हैं।”

अखिलेश यादव का हमला

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा: “गोरखपुर दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और पूर्व विधायक लाल बिहारी यादव पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला अत्यंत निंदनीय है। यह लोकतंत्र की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इसे “जानबूझकर की गई साजिश” माना जाएगा।

पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप,

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी पोस्ट में लिखा गया: “सरकार गुंडों के सहारे विपक्ष की आवाज दबा रही है। गोरखपुर में व्यापारियों से मिलने गए नेता प्रतिपक्ष पर हमला कर यह दर्शाया गया कि प्रशासन के इशारे पर असामाजिक तत्वों का उपयोग विपक्ष को डराने के लिए हो रहा है।”

स्थानीय प्रशासन की चुप्पी, कोई गिरफ्तारी नहीं

इस मामले में स्थानीय पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, न ही बुधवार देर रात तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। हालांकि मामले की जांच की बात पुलिस सूत्रों ने ज़रूर कही है।

 

Related Articles

Back to top button