भोपाल: अड़ीबाजी के मामले में फरार लोकायुक्त के पूर्व डीएसपी कुरचानिया सस्पेंड

भोपाल, 13 फ़रवरी

लोकायुक्त के पूर्व कार्यवाहक डीएसपी योगेश कुरचानिया को पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। कुरचानिया के निलंबन आदेश रविवार देर रात जारी किए गए। कुरचानिया पर नागरिक सहकारी बैंक, गंजबासौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हरिओम भावसार को आय से अधिक संपत्ति का कूटरचित नोटिस दिखाकर एक लाख रुपये की डिमांड करने का आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ विदिशा के गंजबासौदा देहात में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यवाहक डीएसपी योगेश कुरचानिया लोकायुक्त पुलिस में पदस्थ थे। पुलिस मुख्यालय ट्रांसफर होने पर कुरचानिया शुक्रवार को उन्हें लोकायुक्त संगठन से रिलीव किया गया था। इसके बाद वे अपने दो साथियों नीतेश शर्मा और आरपी मालवीय के साथ गंजबासौदा पहुंचे थे। यहां उन्होंने नागरिक सहकारी बैंक के सीईओ भावसार को आय से अधिक संपत्ति का नोटिस दिखाकर 1 लाख रुपए की मांग की थी। कुरचानिया ने गाड़ी में बैठे-बैठे अपना आईडी कार्ड और कथित डीएसपी लोकायुक्त राजेंद्र सिंह सेंगर के हस्ताक्षर वाला कूट रचित नोटिस दिखाया था। इस मामले में कुरचानिया के दो साथियों को उसी समय गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि कुरचानिया फरार हो गए थे।

Related Articles

Back to top button