मप्र में राहत भरी खबर, कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 94 प्रतिशत

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार शाम को मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। प्रदेश की कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है, वहीं सक्रिय प्रकरणों की संख्या निरंतर घट रही है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 7756 रह गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी 2021 में कोरोना की वैक्सीन के मद्देनजर प्रदेश में कोल्ड चेन आदि की सभी तैयारियां कर ली जाएं। सबसे पहले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को वेक्सीन लगाई जाएगी। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, जनसंपर्क आयुक्त सुदाम खाड़े उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दीपावली के त्यौहार एवं सर्दी के मौसम के मद्देनजर कोरोना के संबंध में विशेष सावधानी एवं सतर्कता बरती जाए। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे मास्क अवश्य लगाएं, एक दूसरे से 2 गज की दूरी बनाए रखें, बार-बार हाथ धोएं, सैनेटाइज करें तथा अन्य सभी सावधानियां बरतें।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य सुलेमान ने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वैक्सीन जनवरी 2021 में आने की संभावना है। सबसे पहले हैल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रदेश में हैल्थ वर्कर्स की संख्या लगभग 4 लाख है।

निजी अस्पताल अधिक राशि न वसूलें

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत से मरीज निजी अस्पतालों में भी कोरोना का इलाज करा रहे हैं। अत: यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी निजी अस्पताल कोरोना मरीजों से इलाज का अधिक शुल्क न वसूले। कोरोना इलाज के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाए।

Related Articles

Back to top button