भरत सिंह बोले- प्रमोद जैन ‘देवता पुरुष’, भाया ‘बदमाश’ तरह का आदमी; ‘भाया ने खूब खाया’

कांग्रेस विधायक का मंत्री 'भाया' पर तंज:

कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने फिर खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर हमला बोला है।

कोटा के सीमल्या टोल पर एक होर्डिंग पिछले कई दिनाें से चर्चा में हैं। अब इस मामले को लेकर पूर्व मंत्री व सांगोद विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर तंज कसा है। बारां में कलेक्टर से मुलाकात के बाद मीडियो से भरत सिंह ने व्यंग्यात्मक तरीके से मंत्री प्रमोद जैन भाया पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रमोद जैन को देवता पुरुष कहा, जबकि भाया को बदमाश तरह का आदमी बताया।

सीमल्या टोल के पास के पास होर्डिंग के जरिये खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर हमला किया गया था।

भरत सिंह ने कहा- यहां के तो मंत्री प्रमोद जैन हैं। बहुत दयालु, बहुत परोपकारी। उन्होंने सैकड़ों लोगों के नि:शुल्क विवाह करवाए। प्रमोद जैन तो देवता पुरुष हैं। वह गोशाला चलाते हैं। प्रमोद जैन की जितनी तारीफ की जाए, कम है। पर जो भाया है, उसका काम भी गजब का है। भाया बदमाश तरह का आदमी है। तंज कसते हुए वह यह तक बोल गए कि भाया ने खूब खाया है।

कोटा बारां नेशनल हाईवे 27 पर सीमल्या टोल के पास होर्डिंग के जरिये खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर हमला किया गया था। होर्डिंग में बड़े बड़े अक्षरों में लिखा था,’खाया रे खाया भाया ने खाया’। सड़क किनारे लगे होर्डिंग को लेकर भरत सिंह से पूछा तो उन्होंने कहा कि वो होर्डिंग तो भाया के खिलाफ लगे हैं। इस दौरान उन्होंने नया नारा भी दिया। ‘भाया ने खूब खाया’। इससे पहले उन्होंने नारा दिया था, ‘रेती पत्थर किसने खाया, खाया रे खाया भाया ने खाया’।

सोरसन अभ्यारण्य में गोडावण प्रजनन केंद्र को लेकर भरत सिंह ने मोर्चा खोल रखा है। प्रमोद जैन भाया सोरसन में गोडावण के अस्तित्व को नकार चुके हैं। भरत सिंह, क्षेत्र में अवैध खनन को बंद कराने के लिए सीएम गहलोत को पत्र लिख चुके हैं। धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।
मंत्री भाया बोले: भरत सिंह मेरे लिए सम्मानीय
भरत सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि भरत सिंह हमारे सम्मानीय नेता है। मैं उनका व्यक्तिगत सम्मान करता हूं। मरते दम तक करता रहूंगा। व्यक्तिगत विचार किसी के कुछ भी हो सकते हैं। रिश्तेदार व परिचित को खनन की इजाजत देने के आरोप पर जवाब देते हुए प्रमोद जैन भाया ने कहा कि रिश्तेदार तो क्या, मेरी तो 10 पीढ़ी में भी कोई आदमी माइनिंग का काम नहीं करता।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button